विधिक जागरूकता अभियान को गांव-गांव तक पहुंचाएं पराविधिक स्वयंसेवक : राहुल
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की मासिक बैठक में अधिकार मित्रों को दिए गए आवश्यक दिशा-निर्देश
स्वतंत्र प्रभात संवाददाता
सोनभद्र। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण की कार्ययोजना 2026-27 के तहत शुक्रवार को एडीआर भवन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव राहुल की अध्यक्षता में पराविधिक स्वयंसेवकों (पीएलवी) एवं अधिकार मित्रों की मासिक बैठक आयोजित की गई।
बैठक में सचिव ने निर्देश दिया कि स्वयंसेवक ग्रामीण एवं दूर-दराज के क्षेत्रों में विधिक जागरूकता शिविर लगाकर लोगों को उनके कानूनी अधिकारों और नालसा की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दें। उन्होंने गरीब, असहाय, महिलाओं, बच्चों तथा अनुसूचित जाति-जनजाति के लोगों को निःशुल्क विधिक सहायता के प्रति जागरूक करने पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने आपदा पीड़ितों, असंगठित श्रमिकों, वरिष्ठ नागरिकों, बच्चों, नशा पीड़ितों एवं अन्य जरूरतमंद वर्गों के लिए संचालित योजनाओं के साथ डिजिटल और टेली-लॉ सेवाओं का प्रचार-प्रसार करने को कहा। साथ ही सभी स्वयंसेवकों को दैनिक एवं मासिक कार्यों की रिपोर्ट समय से जमा करने का निर्देश दिया।
बैठक में वैवाहिक विवादों सहित अन्य मामलों में न्यायालय में मुकदमा दाखिल करने से पहले प्री-लिटिगेशन मध्यस्थता के माध्यम से विवादों का समाधान कराने की उपयोगिता बताई गई। लोगों को इस सुविधा का अधिक से अधिक लाभ दिलाने के लिए जागरूकता बढ़ाने की अपील की गई।
इस दौरान रंजू कुमारी, निगार फरजाना, सरिता लाहा, निर्मल कौर, मनोज कुमार पाठक, भोलानाथ, प्रदीप कुमार मिश्रा, अजय कुमार मिश्र, कमाल अहमद, दीपन कुमार, सुमन एवं सपना सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।


Comments