एसपी अभिषेक वर्मा ने जनसुनवाई में सुनीं लोगों की शिकायतें, दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश
भूमि, पारिवारिक विवाद और साइबर धोखाधड़ी सहित विभिन्न मामलों में निष्पक्ष जांच के दिए निर्देश
राजेश तिवारी ( ब्यूरो)
सोनभद्र। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने शुक्रवार को पुलिस कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान भूमि विवाद, पारिवारिक विवाद, मारपीट, गुमशुदगी, साइबर धोखाधड़ी और राजस्व संबंधी शिकायतें प्राप्त हुईं।
एसपी ने संबंधित क्षेत्राधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को शिकायतों की निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण जांच कर समयबद्ध निस्तारण करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पीड़ितों को की गई कार्रवाई की जानकारी समय से दी जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही, देरी या उत्पीड़न मिलने पर संबंधित के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने त्वरित हस्तक्षेप वाले मामलों में तत्काल विधिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि आमजन की समस्याओं का निष्पक्ष एवं संतोषजनक समाधान पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।


Comments