फीचर्ड
राजनीति
भारत
गोंडा को 520 करोड़ से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे सीएम योगी
सोमवार को मनकापुर और गौरा विधानसभा क्षेत्रों में 69 परियोजनाओं का करेंगे लोकार्पण-शिलान्यास
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार (2 नवंबर) को गोंडा जिले के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह मनकापुर और गौरा विधानसभा क्षेत्रों में 520 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 69 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। कार्यक्रम विकासखंड छपिया की ग्राम पंचायत तेजपुर में आयोजित होगा। इस अवसर पर विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र और चेक भी वितरित किए जाएंगे।
मनकापुर और गौरा में विकास कार्यों को मिलेगी रफ्तार
मनकापुर विधानसभा क्षेत्र में 94 करोड़ रुपये की लागत से तैयार नौ परियोजनाओं का लोकार्पण किया जाएगा, जबकि 160 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 20 परियोजनाओं का शिलान्यास होगा। इसी तरह गौरा विधानसभा क्षेत्र में 53 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 19 परियोजनाओं का लोकार्पण और 213 करोड़ रुपये से अधिक की 21 परियोजनाओं का शिलान्यास किया जाएगा।
इन परियोजनाओं में सड़क, शिक्षा और सेतु निर्माण से जुड़े कार्य शामिल हैं। इनके पूरा होने से जिले में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है।
कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह, कैसरगंज सांसद करण भूषण सिंह, एमएलसी अवधेश कुमार सिंह उर्फ मंजू सिंह, विधायक रमापति शास्त्री, प्रभात कुमार वर्मा, विनय कुमार द्विवेदी, प्रतीक भूषण सिंह, प्रेम नारायण पांडेय, बावन सिंह और अजय सिंह सहित जिला पंचायत प्रशासक घनश्याम मिश्र समेत कई जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग मौजूद रहेंगे।


Comments