दीपावली से पहले 100 आंगनबाड़ी केंद्रों को विद्यालयों में किया जाएगा शिफ्ट
डीडीसी इंद्रवीर कुमार ने छातापुर में कायाकल्प योजनाओं का किया स्थलीय निरीक्षण, गुणवत्ता और समय सीमा पर दिया जोर
सुपौल। उप विकास आयुक्त इंद्रवीर कुमार ने छातापुर प्रखंड की विभिन्न पंचायतों में कायाकल्प योजना के तहत संचालित विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्कूलों की चहारदीवारी, शौचालय, किचेन शेड, सार्वजनिक चबूतरा और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में कराए जा रहे रंग-रोगन कार्यों की प्रगति एवं गुणवत्ता का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों और कर्मियों को सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण तरीके से समय सीमा के अंदर पूरा कराने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के बाद उप विकास आयुक्त ने प्रखंड कार्यालय में पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इसमें कायाकल्प योजना, आंगनबाड़ी केंद्रों को विद्यालयों में शिफ्ट करने तथा नए आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि दीपावली से पूर्व कम से कम 100 आंगनबाड़ी केंद्रों को विद्यालयों में शिफ्ट किया जाएगा। डीडीसी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को इस दिशा में तेजी से कार्य करने और निर्धारित लक्ष्य पूरा करने का निर्देश दिया। वहीं, भूमिहीन चिह्नित आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए अंचलाधिकारी, छातापुर को अविलंब उपयुक्त भूमि चिह्नित करने का निर्देश दिया गया, ताकि नए केंद्रों के निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा सके।
बैठक में निदेशक, डीआरडीए (एनईपी) अनित कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी राकेश कुमार गुप्ता, अंचलाधिकारी, राजस्व अधिकारी, सीडीपीओ, कनीय अभियंता (वीबी जी राम जी), पीटीए, पंचायती राज के कनीय अभियंता एवं पंचायत प्रतिनिधि उपस्थित थे।


Comments