प्रेम प्रसंग के विवाद में युवक की हत्या का आरोप, पुलिस जांच में जुटी
चेरवाडीह बस स्टैंड के पास मिला 34 वर्षीय युवक का शव, सिर व चेहरे पर चोट के निशान; परिजनों ने जताई धारदार हथियार से हमला किए जाने की आशंका
स्वतंत्र प्रभात संवाददाता
कोन /सोनभद्र-
स्थानीय थाना क्षेत्र के चेरवाडीह बस स्टैंड के पास मंगलवार शाम संदिग्ध परिस्थितियों में 34 वर्षीय नितेश कुमार का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सिर और चेहरे पर चोट के निशान मिलने से परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
परिजनों के अनुसार नितेश कुमार पुत्र ललित तिवारी निवासी केवाल मंगलवार शाम करीब सात बजे संदिग्ध परिस्थितियों में मृत मिला। उसके सिर और चेहरे पर चोट के निशान थे। परिजनों ने धारदार हथियार से हमला किए जाने की आशंका जताते हुए घटना को हत्या बताया है।

Read More उत्तर मध्य रेलवे ने ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत 1,11,11,111 पौधे लगाने का जादुई आंकड़ा छुआ।मृतक के पिता ललित तिवारी ने बताया कि कुछ दिन पहले चेरवाडीह में कुछ युवकों से उनके पुत्र का विवाद हुआ था। विवाद उसकी भांजी के प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है। मामला थाने तक पहुंचा था, जहां बाद में दोनों पक्षों के बीच सुलह-समझौता हो गया था। परिजनों का आरोप है कि इसी पुरानी रंजिश के चलते नितेश की हत्या कर शव को सड़क किनारे रखकर घटना को दुर्घटना का रूप देने का प्रयास किया गया।
परिजनों ने गांव के ही दो युवकों पर संदेह जताते हुए उनकी भूमिका की जांच कराने की मांग की है। हालांकि, पुलिस ने अभी किसी आरोप की पुष्टि नहीं की है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही घटनास्थल और घटना से जुड़े अन्य बिंदुओं की जांच कर रही है।
प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार मिश्र ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।


Comments