दीपावली से पहले बदलेगी कानपुर की सूरत: 20-25 दिन में 500 सड़कों की मरम्मत का लक्ष्य, रात में उतरे डीएम-नगर आयुक्त
73 सड़कें PWD के हवाले, 500 मार्गों पर नगर निगम कराएगा रिपेयर व लेयरिंग—लापरवाही पर तय होगी जिम्मेदारी
कानपुर। दीपावली और दशहरा से पहले कानपुर की बदहाल सड़कों और सफाई व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए जिला प्रशासन ने अब रफ्तार तेज कर दी है। मंगलवार देर रात जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर, नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय और मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जैन ने प्रशासन, नगर निगम और लोक निर्माण विभाग की संयुक्त टीम के साथ शहर के विभिन्न हिस्सों का रात्रिकालीन निरीक्षण किया। अधिकारियों ने सड़क, सफाई और कूड़ा प्रबंधन की जमीनी स्थिति देखी और संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।
20 से 25 दिन में सड़कों को दुरुस्त करने का अल्टीमेटम-
निरीक्षण के दौरान सामने आया कि लोक निर्माण विभाग ने करीब 73 सड़कों को मरम्मत एवं सुधार कार्य के लिए चिन्हित किया है। वहीं नगर निगम ने करीब 500 सड़कों पर रिपेयर और आवश्यक लेयरिंग का कार्य शुरू करने की तैयारी की है। जिलाधिकारी ने दोनों विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए अगले 20 से 25 दिनों में, दीपावली से पहले, सड़क सुधार कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने बताया कि आगामी तीन दिनों में हॉट मिक्स प्लांट का संचालन शुरू होने का प्रस्ताव है। इसके बाद चिन्हित सड़कों पर सुदृढ़ीकरण का काम तेज किया जाएगा।
काम में देरी हुई तो तय होगी जिम्मेदारी
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सड़क सुधार कार्य में विभागीय समन्वय की कमी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं होगी। नगर निगम और लोक निर्माण विभाग अपने-अपने कार्यक्षेत्र और जिम्मेदारियों को स्पष्ट रखते हुए काम पूरा करें। उन्होंने कार्य की गुणवत्ता और निर्धारित समयसीमा से किसी प्रकार का समझौता न करने के निर्देश दिए।
#UPNews #SwatantraPrabhat #KanpurNews #कानपुरसमाचार #UttarPradeshNews #CivicIssues #KanpurDevelopment #RoadDevelopment #RoadRepair #DistrictAdministration #KanpurAdministration #KanpurCity #सड़कमरम्मत #नगरनिगम #PWD #KanpurRoads #Dussehra2026 #KanpurMunicipalCorporation #Diwali2026 #कानपुरकीसड़कें #लोकनिर्माणविभाग #RoadRepairWork #RoadQuality #CityDevelopment #RoadInfrastructure


Comments