नवीनतम
राजनीति
भारत
माघ मेला-2027 की तैयारियों के दृष्टि से मंडलायुक्त ने सलोरी एसटीपी के पंपिंग स्टेशन का निरीक्षण किया
कार्य में लगभग 15 माह के विलंब पर अनुबंध की शर्तों के तहत कार्यदायी संस्था की ₹5.50 करोड़) पेनाल्टी लगाने के निर्देश।
स्वतंत्र प्रभात ब्यूरो चीफ
प्रयागराज ।
माघ मेला-2027 की तैयारियों के दृष्टिगत मंडलायुक्त डॉ. लोकेश एम. द्वारा आज नगर आयुक्त श्री साई तेजा, गंगा प्रदूषण नियंत्रण परियोजना के प्रभारी सुरेंद्र परमार एवं अन्य संबंधित अधिकारियों की उपस्थिति में नमामि गंगे से वित्तपोषित सलोरी एसटीपी के अंतर्गत निर्माणाधीन मेन पंपिंग स्टेशन के कार्यों का निरीक्षण किया गया।
अमिताभ बच्चन पुलिया के निकट 32 एमएलडी क्षमता के मेन पंपिंग स्टेशन का निर्माण कराया जा रहा है, जिसका कार्य अगस्त 2025 तक पूर्ण किया जाना निर्धारित था, किंतु लगभग 15 माह व्यतीत होने के बाद भी कार्य पूर्ण नहीं हुआ है। इस पर मंडलायुक्त ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए परियोजना प्रबंधक को अनुबंध की शर्तों के अनुसार कार्यदायी संस्था मेसर्स एचएनबी महाराष्ट्र पर परियोजना लागत का 5 प्रतिशत, लगभग ₹5.50 करोड़ की पेनाल्टी अधिरोपित करने के निर्देश दिए। नई निर्धारित समय-सीमा के अनुसार मेन पंपिंग स्टेशन का निर्माण कार्य 20 दिसंबर 2026 तक पूर्ण कराते हुए उसका ट्रायल रन प्रारंभ कराया जाना निर्धारित है।
इसी क्रम में मंडलायुक्त द्वारा नागवासुकी मंदिर के निकट महाकुंभ-2025 के दौरान निर्मित कॉस्टल रोड के आसपास तथा सैदाबाद स्थित नगर निगम के कूड़ा संग्रहण एवं हस्तांतरण केंद्र (गार्बेज ट्रांसफर स्टेशन) का भी निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान दोनों स्थलों पर अत्यधिक गंदगी एवं कूड़े का ढेर पाए जाने तथा एकत्रित कूड़े की समय से निकासी एवं निस्तारण न कराए जाने पर मंडलायुक्त ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने नगर आयुक्त को संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जवाबदेही निर्धारित करते हुए कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस क्रम में नगर आयुक्त द्वारा संबंधित जोनल सैनिटरी ऑफिसर (ZSO) एवं सफाई एवं खाद्य निरीक्षक (SFI) से स्पष्टीकरण तलब करने तथा संबंधित क्षेत्र के सुपरवाइजर को कार्य में लापरवाही के दृष्टिगत निलंबित करने के निर्देश दिए गए।
मंडलायुक्त ने निर्देशित किया कि माघ मेला-2027 के दृष्टिगत सीवरेज, स्वच्छता एवं कूड़ा निस्तारण से संबंधित सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से सुनिश्चित की जाएं तथा कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।
#UPNews #HindiNews #SwatantraPrabhat #Prayagraj #UttarPradeshNews #WasteManagement #SanitationDrive #MunicipalCorporation #ProjectDelay #DivisionalCommissioner \#PrayagrajNews #PrayagrajDevelopment #MaghMela2027 #NamamiGange #SaloriSTP #SewageTreatmentPlant #MainPumpingStation #DrLokeshM #SewerageManagement #GarbageTransferStation #CleanPrayagraj #MunicipalAdministration #FivePercentPenalty #HNBCInfrastructure #MaghMelaPreparation


Comments