फीचर्ड
राजनीति
भारत
दिव्यांगजन के हुनर को बाजार उपलब्ध कराएगी योगी सरकार, सभी मंडलों में लगेंगे दीपावली मेले
उत्पादों के प्रदर्शन और बिक्री के लिए मिलेगा मंच, स्वरोजगार व आर्थिक आत्मनिर्भरता को मिलेगा बढ़ावा
लखनऊ। दिव्यांगजनों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने और उनके हुनर को बाजार तक पहुंचाने के लिए योगी सरकार प्रदेश के सभी मंडलों में दीपावली मेले आयोजित कराएगी। दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग की इस पहल के तहत दिव्यांगजनों द्वारा तैयार उत्पादों का प्रदर्शन और बिक्री की जाएगी। इससे उन्हें अपने कौशल के दम पर रोजगार और आय के नए अवसर हासिल करने का मंच मिलेगा।

लखनऊ मंडल को सात लाख, अन्य मंडलों को तीन-तीन लाख रुपये
प्रदेश के प्रत्येक मंडल में दिव्यांगजनों के उत्पादों की प्रदर्शनी और बिक्री के लिए मेले आयोजित किए जाएंगे। इसके लिए लखनऊ मंडल में सात लाख रुपये और अन्य सभी मंडलों में आयोजन के लिए तीन-तीन लाख रुपये का बजट निर्धारित किया गया है।

विभाग ने सभी मंडलों के उपनिदेशकों और जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारियों को आयोजन की तैयारियां शुरू करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही संबंधित मंडलों और जिलों से मेले के आयोजन से जुड़े प्रस्ताव जल्द उपलब्ध कराने को कहा गया है, ताकि आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी की जा सकें।
हुनर को पहचान और उत्पादों को मिलेगा बाजार
इन मेलों के माध्यम से दिव्यांगजनों को अपने हाथों से तैयार हस्तनिर्मित वस्तुओं और अन्य उत्पादों की बिक्री सीधे ग्राहकों तक करने का अवसर मिलेगा। उन्हें उत्पादों के प्रचार-प्रसार और नए खरीदारों से जुड़ने में भी मदद मिलेगी। सरकार की मंशा है कि दिव्यांगजन केवल सरकारी सहायता पर निर्भर न रहें, बल्कि अपने हुनर और मेहनत के बल पर सम्मानजनक आजीविका अर्जित कर सकें।
प्रतिभा को उचित मंच देना विभाग की प्राथमिकता: राजेश कुमार सिंह
दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग के निदेशक राजेश कुमार सिंह ने कहा कि सरकार का उद्देश्य दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने के साथ उनकी प्रतिभा और कौशल को उचित मंच उपलब्ध कराना है। इसी दिशा में सभी मंडलों में दीपावली मेले आयोजित कराने की पहल की गई है। इन मेलों में उनके उत्पादों की प्रदर्शनी और बिक्री से बेहतर बाजार उपलब्ध होगा। इससे आय के नए अवसर पैदा होंगे और स्वरोजगार को प्रोत्साहन मिलेगा। उन्होंने बताया कि विभाग की ओर से संबंधित अधिकारियों को आयोजन की तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।


Comments