नवीनतम
फीचर्ड
राजनीति
जातिवाद और जिन्नावाद का मिलकर मुकाबला करना होगा : योगी
सरदार पटेल की 151वीं जयंती पर मुख्यमंत्री ने जीपीओ स्थित पटेल पार्क में अर्पित की श्रद्धांजलि, राष्ट्रीय एकता दिवस की दिलाई शपथ
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जो लोग जिन्ना को अपना आदर्श मानते हैं, वे सरदार वल्लभभाई पटेल के अनुयायी नहीं हो सकते। सरदार पटेल के सच्चे अनुयायी वही हैं, जिनके मन में राष्ट्रवाद का भाव हो और जो देश की एकता, सुरक्षा व संप्रभुता को सर्वोपरि रखते हों। जातिवाद, क्षेत्रवाद और भाषाई भेदभाव के जरिए समाज को बांटने वाली ताकतों का मिलकर मुकाबला करना होगा।
मुख्यमंत्री शनिवार को राजधानी के जीपीओ स्थित पटेल पार्क में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की और उपस्थित लोगों को राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ दिलाई। इस अवसर पर उन्होंने 'पटेल स्मारिका 2026' का विमोचन भी किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से वर्ष 2014 से 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। सरदार पटेल के योगदान को याद करते हुए उन्होंने बताया कि उनकी स्मृति में प्रदेश के सभी 75 जिलों में सरदार पटेल एम्प्लॉयमेंट एंड इंडस्ट्रियल जोन स्थापित किए जाएंगे। इससे युवाओं को कौशल प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की व्यवस्था विकसित होगी।
563 से अधिक रियासतों का कराया एकीकरण
Read More सारण में जनता दरबार में 44 फरियादियों की समस्याएं सुनीं, अधिकारियों को कार्रवाई का निर्देशयोगी ने कहा कि सरदार पटेल ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति और दूरदर्शिता से 563 से अधिक रियासतों का भारतीय गणराज्य में विलय कर अखंड भारत के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। गुजरात के केवड़िया में स्थापित स्टैच्यू ऑफ यूनिटी उनके विराट व्यक्तित्व और राष्ट्र के प्रति योगदान का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री ने जूनागढ़, हैदराबाद और कश्मीर के एकीकरण का उल्लेख करते हुए तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू की नीतियों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कश्मीर का मामला अपने पास रखने के कारण वहां गंभीर परिस्थितियां पैदा हुईं और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर आज भी एक चुनौती बना हुआ है।
धारा 370 हटाकर पूरा किया पटेल का सपना
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाकर सरदार पटेल के एक भारत के सपने को साकार किया। उन्होंने कहा कि देश में एक विधान, एक प्रधान और एक निशान की भावना ही राष्ट्रीय एकता को मजबूत करती है।

उन्होंने कहा कि जाति, क्षेत्र और भाषा के आधार पर समाज का बंटवारा देश की सामूहिक शक्ति को कमजोर करता है। भारत की संवैधानिक संस्थाओं और राष्ट्रीय एकता को कमजोर करने के प्रयासों का एकजुट होकर मुकाबला करना ही सरदार पटेल के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
कई गणमान्य लोगों ने किया नमन
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विधायक शशांक वर्मा और उनके दिवंगत पिता रामकुमार वर्मा के प्रयासों की सराहना की। विधायक ने प्रसिद्ध चित्रकार शैलेंद्र उत्तम द्वारा गेहूं के दानों से तैयार सरदार पटेल का चित्र मुख्यमंत्री को भेंट किया।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक, जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, चौधरी भूपेंद्र सिंह, गिरीश यादव, सरदार बलदेव सिंह औलख, कैलाश राजपूत, महापौर सुषमा खर्कवाल और राज्यसभा सांसद प्रकाश पाल सहित अनेक जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य लोगों ने सरदार पटेल को पुष्पांजलि अर्पित की।


Comments