एसएमएस लखनऊ में भव्यता के साथ मनाई गई दीपावली गाला एवं डांडिया नाइट

Abhinav Shukla Picture
Published On

लखनऊ। राजधानी एसएमएस लखनऊ में भव्य दीपावली गाला एवं डांडिया नाइट का आयोजन किया गया। जिसमें संस्थान के सभी छात्र-छात्राओं, शिक्षकगण, कर्मचारियों एवं उनके परिवारजनों ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ सहभागिता की। पूरा परिसर दीपावली के उल्लास, उत्सव और संगीत की मधुर धुनों से सराबोर रहा। सभी ने संगीत की ऊर्जावान धुनों पर नृत्य करते हुए इस शाम को यादगार बना दिया। इस भव्य आयोजन में उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री अरविंद सिंह 'गोप' मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में अन्य विशिष्ट अतिथियों के रूप में डॉ. सी.एम. द्विवेदी, सदस्य, गवर्निंग काउंसिल, एसएमएस ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस, शरद सिंह, सचिव एवं सीईओ, एसएमएस लखनऊ; श्वेता सिंह तथा  यश सेंगर, अध्यक्ष, ला फिडुसी ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति से समारोह की शोभा बढ़ाई। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वारा पारंपरिक दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके पश्चात शाम का माहौल उस समय और भी रोमांचक हो उठा, जब डीजे रिबेल एवं डीजे जेजे ने अपने शानदार और ऊर्जावान संगीत से मंच पर समां बांध दिया। उनकी धुनों पर छात्र-छात्राओं, शिक्षकगण एवं अन्य उपस्थित लोगों ने जमकर नृत्य किया। पूरे कार्यक्रम का कुशल एवं आकर्षक संचालन एंकर आयुषी द्वारा किया गया, जिन्होंने अपनी शानदार एंकरिंग से पूरे समय दर्शकों को बांधे रखा और उत्सव के उल्लास को बनाए रखा। दीपावली उत्सव को एक विशेष आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक स्वरूप प्रदान करते हुए विद्यार्थियों ने परिसर में 5,000 दीप प्रज्वलित किए। इन दीपों को अत्यंत सुंदर ढंग से सजाकर "जय श्री राम" की भव्य आकृति बनाई गई। दीपों से सजी यह मनमोहक प्रस्तुति भगवान श्रीराम के प्रति विद्यार्थियों की श्रद्धा, प्रेम एवं सम्मान का प्रतीक बनी तथा दीपावली के वास्तविक आध्यात्मिक संदेश को साकार किया। मुख्य अतिथि अरविंद सिंह 'गोप' ने सभी विद्यार्थियों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विद्यार्थियों को कौशल विकास के साथ-साथ सांस्कृतिक मूल्यों एवं संस्कारों के बीच संतुलन बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि व्यावसायिक दक्षता के साथ अपनी सांस्कृतिक जड़ों एवं नैतिक मूल्यों को मजबूत बनाए रखना भी अत्यंत आवश्यक है। डॉ. सी. एम. द्विवेदी ने भी शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ ऐसे सांस्कृतिक एवं पाठ्येतर आयोजनों की आवश्यकता पर बल दिया। यश सेंगर, अध्यक्ष, ला फिडुसी ने डांडिया नृत्य की विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत एवं सम्मानित किया। उन्होंने आयोजन समितियों के छात्र सदस्यों को भी उनके समर्पण, मेहनत एवं योगदान के लिए सम्मानित किया। साथ ही उन्होंने भविष्य में ऐसे शानदार सांस्कृतिक, नवाचार एवं खेल आयोजनों के संचालन के लिए विद्यार्थियों को अपना पूर्ण सहयोग एवं प्रोत्साहन देने का आश्वासन दिया। शरद सिंह ने भी सभी विद्यार्थियों को दीपावली की हार्दिक मंगलकामनाएं दीं। उन्होंने एवं उनकी धर्मपत्नी श्वेता सिंह जी ने सभी विद्यार्थियों एवं  आयोजन समिति के सभी सदस्यों को इस भव्य समारोह के सफल आयोजन के लिए बधाई दी तथा उनके अथक प्रयासों, समर्पण एवं सराहनीय योगदान की प्रशंसा की। इस अवसर पर डॉ. आशीष भटनागर, निदेशक, एसएमएस लखनऊ; प्रो. (डॉ.) भरत राज सिंह, महानिदेशक (तकनीकी); डॉ. धर्मेंद्र सिंह, एसोसिएट डायरेक्टर; डॉ. मो. हुसैन, डीन एकेडमिक्स; डॉ. पी.के. सिंह, डीन स्टूडेंट वेलफेयर; सुरेंद्र श्रीवास्तव, मुख्य महाप्रबंधक; एस. एन. शुक्ला, रजिस्ट्रार; डॉ. वी.बी. सिंह, संयुक्त निदेशक (प्रवेश); राहुल अवस्थी, उप महाप्रबंधक सहित सभी विभागाध्यक्ष, शिक्षकगण एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
 
 
 
 

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें