नवीनतम
फीचर्ड
राजनीति
भारत
गोपी पांडेय बोले- हर कार्यकर्ता के लिए सदैव उपलब्ध हूं, एसआईआर से विपक्ष खासकर कांग्रेस परेशान
नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसद का प्रथम नगर आगमन, 23 स्थानों पर हुआ स्वागत; आनंदपुरी में बूथ अध्यक्ष का किया सम्मान
कानपुर। नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसद गोपी कृष्ण पांडेय के बुधवार को पहली बार कानपुर आगमन पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह स्वागत किया। उनके स्वागत के लिए शहर में 23 स्थानों पर कार्यक्रम निर्धारित किए गए थे। एयरपोर्ट से लेकर शहर के प्रमुख चौराहों और बाजारों तक भाजपा के झंडे-बैनरों से सजावट की गई थी। स्वागत के दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
दोपहर करीब 12:30 बजे गोपी कृष्ण पांडेय चकेरी एयरपोर्ट से बाहर आए तो वहां मौजूद कार्यकर्ताओं ने गगनभेदी नारों के बीच फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया। एयरपोर्ट पर महापौर प्रमिला पांडेय, भाजपा दक्षिण जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह, उत्तर जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित, विधायक महेश त्रिवेदी, विधायक सुरेंद्र मैथानी, नीलिमा कटियार, प्रकाश वीर आर्य , पूनम कपूर और पूर्व विधायक अजय कपूर समेत कई जनप्रतिनिधि और पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे। महापौर के बेटे बंटी पांडेय और भाजपा पार्षद दल के नेता नवीन पंडित करीब 35 कारों के काफिले के साथ स्वागत करने पहुंचे। एयरपोर्ट से बारहदेवी स्थित उनके आवास तक के प्रमुख मार्गों को भाजपा के झंडों और बैनरों से सजाया गया था।
भाजपा के ''लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ'' कार्यक्रम के चलते स्वागत यात्रा के मार्ग में बदलाव करना पड़ा। एयरपोर्ट से निकलने के बाद गोपी पांडेय पूर्व निर्धारित मार्ग से बीच में ही मुड़कर बृजेन्द्र स्वरूप पहुंचे और वहां कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वह कुछ विलंब से अपने निर्धारित स्वागत मार्ग पर पहुंचे।
स्वागत यात्रा के दौरान हरजेंद्र नगर चौराहा, लाल बंगला चौराहा, लाल बंगला मार्केट, पंडित होटल, नरोना चौराहा, फूलबाग, माल रोड बड़ा चौराहा, नवीन मार्केट स्थित भाजपा कार्यालय, लाल इमली और चुन्नीगंज बकर मंडी में उनका अभिनंदन किया गया। इसके बाद पी रोड गरीब चौकी, कालपी रोड संगीत टाकीज, चंद्रिका देवी मंदिर, देना नगर, जीटी रोड अफीम कोठी, केशव भवन संघ कार्यालय, जूही, बारा देवी चौराहा, किदवई नगर साइड नंबर-1 और किदवई नगर चौराहे पर भी कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया।
आनंदपुरी में आयोजित स्वागत कार्यक्रम में गोपी पांडेय ने अपने पोलिंग बूथ पर पहुंचकर बूथ अध्यक्ष का सम्मान किया। अपने प्रथम नगर आगमन पर मिले स्वागत से अभिभूत गोपी पांडेय ने कहा कि वह हर कार्यकर्ता के लिए सदैव उपलब्ध हैं। कोई भी कार्यकर्ता अपनी समस्या या सुझाव लेकर उनसे मिल सकता है। उन्होंने कहा कि संगठन का प्रत्येक कार्यकर्ता महत्वपूर्ण है और वह हमेशा उनके सम्मान एवं समस्याओं के समाधान के लिए तत्पर रहेंगे।
विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि विपक्ष के कारनामे जनता देख रही है। एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) में करोड़ों घुसपैठियों का पता लगने के बाद विपक्षी दल, खासकर कांग्रेस परेशान है। उन्होंने कहा कि जनता के सामने सच्चाई आ रही है। स्वागत यात्रा का अंतिम पड़ाव केशव नगर स्थित भाजपा के क्षेत्रीय कार्यालय रहा। यहां उन्होंने क्षेत्रीय अध्यक्ष और पार्टी पदाधिकारियों से मुलाकात की।
#SwatantraPrabhat #UttarPradeshNews #SamajwadiParty #LocalBusiness #CyberFraud #ConsumerAwareness #KanpurMarket #SmallBusiness #BusinessNews \#KanpurNews #व्यापारीहित #छोटेव्यापारी #स्थानीयबाजार #VocalForLocal #समाजवादीव्यापारसभा #स्थानीयव्यापार #CustomerAwareness #ग्राहकजागरूकता #OnlineShopping #ऑनलाइनशॉपिंग #LocalMarket #ShopLocal #NandlalJaiswal #ShailendraYadav #EmploymentGeneration


Comments