नवीनतम
राजनीति
भारत
धान खरीद और खाद वितरण व्यवस्था पर डीएम सख्त
क्रय केंद्रों व साधन सहकारी समितियों का किया औचक निरीक्षण
जायस, अमेठी। किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) का लाभ दिलाने, धान खरीद प्रक्रिया को पारदर्शी एवं सुचारू बनाए रखने तथा किसानों को गुणवत्तापूर्ण उर्वरक की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी शशांक चौधरी ने बुधवार को विभिन्न धान क्रय केंद्रों एवं साधन सहकारी समितियों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान मंडी समिति बहादुरपुर में बने क्रय केंद्रों पर धान खरीद की प्रगति, क्रय केंद्रों पर उपलब्ध व्यवस्थाओं तथा समितियों के माध्यम से खाद वितरण की स्थिति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने सर्वप्रथम जायस मंडी में स्थापित धान क्रय केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्रों पर अब तक हुई धान खरीद की जानकारी प्राप्त की तथा किसानों से धान खरीद की प्रक्रिया के संबंध में भी जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने नमी मापक यंत्र, पीओएस मशीन, इलेक्ट्रॉनिक कांटा, छन्ना, बोरों सहित अन्य आवश्यक उपकरणों एवं व्यवस्थाओं की उपलब्धता का जायजा लिया।
उन्होंने निर्देशित किया कि सभी क्रय केंद्रों पर शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित रहें, जिससे किसानों को अपना धान बेचने में किसी प्रकार की असुविधा न हो। निरीक्षण के दौरान विपणन शाखा के क्रय केंद्र पर पहली बार अपना धान बेचने पहुंचे किसान मार्तंड प्रताप सिंह एवं कृष्ण कुमार गिरी को जिलाधिकारी ने माला पहनाकर एवं अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया। साथ ही उन्हें लड्डू खिलाकर उनका उत्साहवर्धन किया। जिलाधिकारी ने कहा कि किसानों की उपज का उचित मूल्य दिलाना शासन की प्राथमिकता है और धान खरीद प्रक्रिया में किसानों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए। इसके उपरांत जिलाधिकारी ने जायस मंडी स्थित अन्य धान क्रय केंद्र का निरीक्षण किया, जहां पीओएस मशीन उपलब्ध नहीं पाई गई। इस पर उन्होंने संबंधित केंद्र प्रभारी को आवश्यक व्यवस्थाएं तत्काल सुनिश्चित करने तथा सभी निर्धारित संसाधनों की उपलब्धता के साथ क्रय केंद्र का सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके बाद जिलाधिकारी ने साधन सहकारी समिति ओदारी, निगोहा एवं सैम्बसी का निरीक्षण कर धान खरीद की प्रगति और उर्वरक वितरण व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से गत वर्ष की धान खरीद के संबंध में जानकारी प्राप्त की तथा निर्देश दिए कि किसानों से निरंतर संपर्क एवं समन्वय बनाए रखते हुए अधिक से अधिक धान की खरीद सुनिश्चित की जाए।
साथ ही समितियों पर उपलब्ध यूरिया एवं डीएपी का वितरण किसानों को उनकी आवश्यकता एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि खाद वितरण में किसी भी प्रकार की अनियमितता या किसानों को अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए। निरीक्षण के दौरान कुछ क्रय केंद्रों पर संपर्क रजिस्टर उपलब्ध न होने पर जिलाधिकारी ने संबंधित केंद्र प्रभारियों को तत्काल संपर्क रजिस्टर तैयार करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि केंद्रों पर आने वाले किसानों का विवरण व्यवस्थित रूप से दर्ज किया जाए तथा सभी आवश्यक अभिलेख एवं व्यवस्थाएं दुरुस्त रखी जाएं, ताकि धान खरीद कार्य में पारदर्शिता बनी रहे। जिलाधिकारी शशांक चौधरी ने सभी किसान भाइयों को आश्वस्त करते हुए कहा कि जनपद में खाद की पर्याप्त उपलब्धता है तथा सभी साधन सहकारी समितियों पर यूरिया एवं डीएपी उपलब्ध है। किसान भाई अपनी जोत एवं आवश्यकता के अनुसार अपने नजदीकी साधन सहकारी समिति से खाद प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे किसी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार उर्वरक प्राप्त करें। साथ ही किसान भाई अपने नजदीकी धान क्रय केंद्र पर पहुंचकर अपना धान न्यूनतम समर्थन मूल्य पर बेच सकते हैं। निरीक्षण के दौरान जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी प्रज्ञा मिश्रा, सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता (एआर कोऑपरेटिव) अरविंद यादव सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
uttar pradesh government amethi news dhan kharid farmers welfare scheme MSP procurement UP Agriculture News Fertilizer Distribution #SwatantraPrabhat Farmer Welfare Farmer Support Minimum Support Price Cooperative Society Paddy Procurement Jais News Farmers News Uttar Pradesh DM Shashank Chaudhary Amethi District Magistrate Paddy Purchase Centre Paddy Procurement Inspection Bahadurpur Mandi Urea Availability DAP Fertilizer Government Procurement Centre Agricultural Market News Paddy Purchase Update


Comments