नवीनतम
फीचर्ड
राजनीति
सारण के 64 संकुलों में जीविका दीदियां चला रहीं नशामुक्ति जागरूकता अभियान
ब्रह्माकुमारी संस्था और मद्य निषेध विभाग की संयुक्त पहल, सात नवंबर तक 20 प्रखंडों में लोगों को दिलाई जा रही नशामुक्ति की शपथ
छपरा (सारण)। नशामुक्त समाज के निर्माण और लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सारण जिले में विशेष जागरूकता एवं प्रतिज्ञा अभियान चलाया जा रहा है। ब्रह्माकुमारी संस्था और बिहार सरकार के मद्य निषेध विभाग की संयुक्त पहल पर एक से सात नवंबर तक जिले के 20 प्रखंडों के 64 सामुदायिक स्तरीय संघों (सीएलएफ) में यह अभियान संचालित किया जा रहा है। इसमें जीविका दीदियां बढ़-चढ़कर भागीदारी निभा रही हैं।
इस संबंध में छपरा सेवा केंद्र की संचालिका बीके अनामिका दीदी ने बताया कि प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय की सहयोगी संस्था राजयोग एजुकेशन एंड रिसर्च फाउंडेशन के अंतर्गत मेडिकल विंग तथा बिहार सरकार के मद्य निषेध विभाग के बीच हुए समझौता ज्ञापन (एमओयू) के तहत यह अभियान चलाया जा रहा है। इसके अंतर्गत पूरे बिहार में जीविका दीदियों के सामुदायिक स्तरीय संघों के माध्यम से नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
अभियान के दौरान जीविका दीदियों और ग्रामीण महिलाओं को नशे के दुष्परिणामों की जानकारी दी जा रही है। साथ ही उन्हें स्वयं नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार और समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प दिलाया जा रहा है।
महिलाओं की भागीदारी से बनेगा नशामुक्त समाज:
बीके अरविंद भाई ने कहा कि समाज और पूरे बिहार को नशामुक्त बनाने के लिए माताओं एवं बहनों को आगे आना होगा। परिवार और समाज के निर्माण में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सक्रिय भागीदारी से नशामुक्त समाज बनाने का संकल्प साकार हो सकता है। जीविका दीदियां श्रेष्ठ समाज, श्रेष्ठ बिहार और नशामुक्त बिहार के निर्माण के उद्देश्य से इस अभियान में अपनी भूमिका निभा रही हैं।
उन्होंने बताया कि अभियान को सफल बनाने के लिए सारण जिले के विभिन्न ब्रह्माकुमारी सेवा केंद्रों की बहनें प्रखंडों एवं गांवों में पहुंचकर जीविका दीदियों को जागरूक कर रही हैं। इस अभियान में बीके वीणा, बीके कमलावती, बीके मुन्नी, बीके हीरामती, बीके निर्मला, बीके गौरी, बीके प्रियांशु, बीके खुशबू, बीके रोहित, बीके नीरज और बीके प्रिंस सहित अन्य भाई-बहन सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।


Comments