कल्याणपुर में सड़क किनारे अचेत मिली महिला की मौत

पुलिस जांच में जुटी

हर्षिता यादव  Picture
Published On

कानपुर। कल्याणपुर थाना क्षेत्र में बुधवार रात सड़क किनारे एक महिला अचेत अवस्था में मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को तत्काल एंबुलेंस से सीएचसी कल्याणपुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
 
पुलिस के अनुसार, 7 अक्टूबर की रात करीब 10 बजे कम्युनिटी हेल्थ सेंटर वाली रोड पर गणेश मोटर्स के पास सड़क किनारे महिला के अचेत पड़े होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसकी मृत्यु की पुष्टि की। महिला के शरीर पर प्रथम दृष्टया किसी प्रकार की जाहिरा चोट नहीं मिली है।
 
महिला के पर्स से मिले श्रम कार्ड के आधार पर उसकी पहचान कंचन सिंह पत्नी स्वर्गीय प्रहलाद सिंह के रूप में हुई। कार्ड में लखनऊ के नई जानकीपुरम और कन्नौज के पचोर सतौरा का पता दर्ज मिला। पुलिस ने महिला के पुत्र प्रखर से फोन पर संपर्क किया। उसने महिला की पहचान अपनी मां के रूप में करते हुए बताया कि वह ग्राम सीपुर, पचोर, थाना तिर्वा, कन्नौज की रहने वाली थीं और लंबे समय से बीमार रहती थीं तथा डिप्रेशन में भी थीं।
 
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का है और जांच के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों की स्थिति स्पष्ट होगी। घटना से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था से जुड़ी कोई समस्या नहीं है।

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें