फीचर्ड
प्रयागराज मण्डल में एक स्टेशन एक उत्पाद के तहत स्टाल के लिए दिव्यांगजनों को मिलेगी प्राथमिकता।
स्वतंत्र प्रभात
ब्यूरो प्रयागराज
मण्डल रेल प्रबन्धक/प्रयागराज, रजनीश अग्रवाल के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मण्डल वाणिज्य प्रबंधक, हरिमोहन के निर्देशन में दिव्यांगजन सशक्तिकरण एवं सामाजिक समावेशन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए प्रयागराज मण्डल में वन स्टेशन वन प्रोडक्ट (OSOP) योजना के अंतर्गत रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इसके तहत प्रयागराज मण्डल के 28 स्टेशनों पर 39 OSOP स्टॉल/ट्रॉलियों के माध्यम से अनुमोदित स्थानीय एवं स्वदेशी उत्पादों की बिक्री की जा सकेगी।
OSOP स्टॉल/ट्रॉलियों के आवंटन हेतु सभी पात्र व्यक्ति आवेदन कर सकते हैं, लेकिन दिव्यांगजनों को प्राथमिकता प्रदान की जाएगी। इस पहल का उद्देश्य दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाना, स्थानीय एवं स्वदेशी उत्पादों को प्रोत्साहित करना तथा रेलवे स्टेशनों पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है।
इसके अंतर्गत सोनभद्र, मिर्जापुर, विंध्याचल, चुनार, मानिकपुर, प्रयागराज-छिवकी, प्रयागराज, सूबेदारगंज, फतेहपुर, कानपुर सेंट्रल, पनकीधाम, कानपुर अनवरगंज, फफूंद, मैनपुरी, हाथरस, अलीगढ़, भोगांव, अछल्दा, झींझक, रूरा, भरथना, दादरी, डावर, इटावा, खुर्जा, शिकोहाबाद, फिरोजाबाद एवं टूंडला स्टेशनों पर आवेदन आमंत्रित किए जा रहे हैं।
इच्छुक एवं पात्र आवेदक संबंधित स्टेशन के स्टेशन मास्टर के नाम प्रार्थना पत्र प्रस्तुत कर आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के साथ आधार कार्ड एवं दिव्यांगजन प्रमाणपत्र की प्रति संलग्न करना आवश्यक होगा। खाद्य उत्पादों की बिक्री हेतु आवेदन करने वाले आवेदकों को वैध FSSAI प्रमाणपत्र भी प्रस्तुत करना होगा।
प्रयागराज, प्रयागराज-छिवकी, मिर्जापुर, कानपुर सेंट्रल, अलीगढ़, इटावा, टूंडला, फतेहपुर एवं सूबेदारगंज स्टेशनों पर पंजीकरण शुल्क ₹2,000 प्रतिमाह तथा अन्य स्टेशनों पर ₹1,000 प्रतिमाह निर्धारित है। स्टॉल/ट्रॉली का आवंटन अधिकतम तीन माह के लिए किया जाएगा। न्यूनतम 15 दिनों के लिए शुल्क क्रमशः ₹1,000 एवं ₹500 तथा तीन माह के लिए क्रमशः ₹6,000 एवं ₹3,000 निर्धारित है।
प्रत्येक स्टॉल पर प्रत्येक शिफ्ट में अधिकतम दो सेल्समैन, जिसमें प्लेटफॉर्म वेंडर भी शामिल हैं, कार्य कर सकेंगे। इसके अतिरिक्त 60 यूनिट तक विद्युत प्रभार रेलवे द्वारा निःशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा।
यह योजना सभी पात्र आवेदकों के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार का अवसर उपलब्ध कराने के साथ-साथ दिव्यांगजनों को प्राथमिकता देकर उन्हें आत्मनिर्भर और सम्मानजनक आजीविका प्रदान करने की दिशा में प्रयागराज मण्डल का एक महत्वपूर्ण कदम है। साथ ही, इससे स्थानीय एवं स्वदेशी उत्पादों को रेलवे स्टेशनों के माध्यम से व्यापक बाजार उपलब्ध होगा तथा स्थानीय कारीगरों एवं उत्पादकों को भी प्रोत्साहन मिलेगा
uttar pradesh prayagraj mirzapur Fatehpur railway news indian railways aligarh prayagraj junction रोजगार योजना Self Employment दिव्यांगजन सशक्तिकरण Social Inclusion Prayagraj Division Rajneesh Agrawal Employment Opportunities Kanpur Central Local Artisans Tundla OSOP One Station One Product Divyangjan Empowerment local products indigenous products railway stations OSOP stalls OSOP trolley Harimohan Etawah Subedarganj railway employment रेलवे योजना


Comments