नवीनतम
फीचर्ड
भारत
सोनभद्र के युवाओं के सपनों को मिलेगी नई उड़ान, मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के तहत निःशुल्क कोचिंग सेन्टर का शुभारंभ
जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी बने विद्यार्थियों के मार्गदर्शक, साझा किए अपनी सफलता के अनुभव
राजेश तिवारी ( ब्यूरो रिपोर्ट)
सोनभद्र / उत्तर प्रदेश-
प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे जनपद के प्रतिभाशाली युवाओं को बेहतर अवसर, गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन एवं निःशुल्क कोचिंग उपलब्ध कराने की दिशा में मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के अंतर्गत जिला पंचायत रिसोर्स सेंटर में निःशुल्क कोचिंग सेन्टर का शुभारंभ किया गया। राज्य मंत्री समाज कल्याण संजीव कुमार गोंड ने कोचिंग का शुभारंभ कर छात्र-छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर जिलाधिकारी चर्चित गौड़ एवं मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी ने विद्यार्थियों से सीधा संवाद किया और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी से लेकर सफलता प्राप्त करने तक के अपने अनुभव साझा करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में UPSC, NEET, JE सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राएं एवं शिक्षकगण, संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
राज्य मंत्री, समाज कल्याण संजीव कुमार गोंड ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना ऐसे प्रतिभाशाली एवं परिश्रमी युवाओं को आगे बढ़ने का बेहतर अवसर प्रदान कर रही है, जो प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त कर अपने भविष्य को नई दिशा देना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि इस योजना के माध्यम से विद्यार्थियों को निःशुल्क गुणवत्तापूर्ण कोचिंग एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जा रहा है।
विद्यार्थी इस अवसर का पूरा लाभ उठाएं, नियमित कक्षाओं में प्रतिभाग करें और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित होकर पूरी मेहनत से तैयारी करें। उन्होंने कहा कि संकल्प मजबूत हो और प्रयास निरंतर हों तो सफलता की राह में आने वाली बाधाओं को पार किया जा सकता है।
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद करते हुए प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के व्यावहारिक पहलुओं पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि उन्होंने स्वयं बिना कोचिंग के परीक्षा उत्तीर्ण की थी। जिलाधिकारी ने कहा कि कोचिंग मार्गदर्शन का एक माध्यम हो सकती है, लेकिन सफलता का वास्तविक आधार विद्यार्थी का स्वाध्याय, अनुशासन, सही रणनीति और निरंतर अभ्यास है।
अभ्यर्थी सबसे पहले परीक्षा के पाठ्यक्रम और पैटर्न को अच्छी तरह समझें, सीमित एवं गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री का चयन करें और अपनी क्षमता के अनुरूप दैनिक अध्ययन की ठोस कार्ययोजना बनाएं। उन्होंने विद्यार्थियों को पिछले वर्षों के प्रश्नपत्रों का नियमित अभ्यास करने, समय प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने तथा समय-समय पर अपनी तैयारी का स्वयं मूल्यांकन करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि दूसरे अभ्यर्थियों से तुलना करने के बजाय अपनी कमियों को पहचानकर उनमें निरंतर सुधार करें।
लक्ष्य स्पष्ट रखें, स्वयं पर विश्वास रखें और हर दिन अपनी तैयारी को थोड़ा बेहतर बनाएं। सीमित संसाधन कभी भी सफलता की सीमा तय नहीं करते, आपका परिश्रम और दृढ़ संकल्प आपकी सफलता तय करता है।”
मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी ने विद्यार्थियों के बीच अपने यू0पी0एस0सी0 की तैयारी के अनुभव साझा करते हुए बताया कि उन्होंने यू0पी0एस0सी0 परीक्षा में द्वितीय रैंक प्राप्त की थी। उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि बड़ी सफलता किसी एक दिन की मेहनत का परिणाम नहीं होती, बल्कि प्रतिदिन पूरी ईमानदारी और निरंतरता से किए गए प्रयासों का परिणाम होती है।
उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के दौरान विद्यार्थी अपनी दिनचर्या को अनुशासित रखें, लक्ष्य के अनुरूप समय-सारिणी बनाएं और उसका नियमित पालन करें। कठिन विषयों से बचने के बजाय उन पर अधिक मेहनत करें। असफलता या कम अंक मिलने पर निराश होने के बजाय उसका विश्लेषण कर अपनी तैयारी में सुधार करें।
उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि “मेहनत और लगन का कोई विकल्प नहीं है। अपनी क्षमता पर विश्वास रखते हुए निरंतर आगे बढ़ते रहें। सही दिशा में की गई नियमित मेहनत आपको निश्चित रूप से लक्ष्य के करीब ले जाएगी।
मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के माध्यम से जनपद में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राओं को निःशुल्क कोचिंग एवं बेहतर शैक्षणिक मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा। इसका उद्देश्य प्रतिभाशाली युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए अनुकूल वातावरण एवं अवसर प्रदान करते हुए उन्हें सफलता की दिशा में आगे बढ़ाना है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। अधिकारियों ने छात्र-छात्राओं को योजना का अधिकतम लाभ उठाते हुए मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ अपने लक्ष्य की ओर निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इस मौके पर जिला समाज कल्याण अधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह भदौरिया, अल्प संख्यक कल्याण अधिकारी सुधांशु शेखर शर्मा, अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह, एम0जी0 रवि सहित शिक्षकगण एवं छात्र/छात्राए उपस्थित रहे।


Comments