राजनीति
नेपाल से चरस लाकर कानपुर में करते थे करोड़ों का कारोबार, पति-पत्नी गिरफ्तार! 10.320 किलो नशीला माल बरामद, कीमत करीब 10 करोड़ रुपये
गुमटी क्रॉसिंग के पास रेलवे लाइन किनारे संदिग्ध हालत में मिले थे दोनों, नेपाल की करेंसी और बस टिकट भी बरामद; कानपुर से अजमेर और मुंबई तक फैला था नेटवर्क
कानपुर। शहर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ नजीराबाद पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान पति-पत्नी को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 10 किलो 320 ग्राम नाजायज चरस बरामद की है। पुलिस के मुताबिक बरामद चरस की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 10 करोड़ रुपये है। आरोप है कि दोनों नेपाल और कभी-कभी बिहार से सस्ते दामों पर चरस खरीदकर कानपुर और आसपास के इलाकों में सप्लाई करते थे। इसके बाद अजमेर (राजस्थान) और मुंबई (महाराष्ट्र) जैसे शहरों में महंगे दामों पर बेचकर मोटा मुनाफा कमाते थे।
पुलिस उपायुक्त सेंट्रल एवं अपर पुलिस उपायुक्त सेंट्रल के निर्देशन तथा सहायक पुलिस आयुक्त स्वरूपनगर के कुशल नेतृत्व में प्रभारी निरीक्षक नजीराबाद की टीम ने 26 नवंबर को सुबह गश्त और चेकिंग के दौरान गुमटी क्रॉसिंग से कोकाकोला चौराहे की ओर जाने वाली सड़क पर रेलवे लाइन की बाउंड्री के पास एक युवक और महिला को संदिग्ध अवस्था में खड़े देखा। पुलिस ने पूछताछ की तो दोनों ने खुद को लखनऊ से आने और अजमेर शरीफ जाने की बात बताई। संदेह होने पर पुलिस ने गहनता से पूछताछ और तलाशी ली तो उनके कब्जे से काले रंग के बैग में रखे 19 बंडलों में 10 किलो 320 ग्राम चरस बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान फैसल पुत्र स्वर्गीय साबिर अली, निवासी 101/39 छोटे मियां का हाता, थाना कर्नलगंज, कानपुर नगर, उम्र 32 वर्ष तथा निक्की उर्फ साजिया सिद्दीकी पत्नी सईद सिद्दीकी उर्फ सईद नाटे, निवासी 101/301 छोटे मियां का हाता, थाना कर्नलगंज, कानपुर नगर, उम्र 44 वर्ष के रूप में हुई है।
पुलिस को आरोपियों के पास से 10.320 किलो चरस के अलावा 8600 रुपये भारतीय मुद्रा, 275 नेपाली रुपये, एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन और सिद्धार्थनगर डिपो से कानपुर तक का यूपीएसआरटीसी बस टिकट भी बरामद हुआ है। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपियों ने चरस नेपाल और कभी-कभी बिहार से सस्ते दामों पर खरीदकर लाने तथा कानपुर और आसपास के क्षेत्रों में सप्लाई करने की बात बताई है। इसके बाद अजमेर और मुंबई में महंगे दामों पर बेचकर मुनाफा कमाते थे।
पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में कानपुर के कुछ अन्य मादक पदार्थ तस्करों के संबंध में भी अहम जानकारियां मिली हैं। पुलिस टीम आरोपियों के संपर्कों और उनके नेटवर्क की जांच कर रही है। नेपाल से अवैध मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। पुलिस को आशंका है कि इस नेटवर्क में और भी लोग शामिल हो सकते हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
कानपुर में चरस की इतनी बड़ी बरामदगी ने शहर में सक्रिय नशे के अवैध कारोबार और उसकी सप्लाई चेन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब पुलिस की जांच इस बात पर केंद्रित है कि नेपाल से आने वाली चरस किन रास्तों से कानपुर पहुंचती थी और शहर में इसके खरीदार कौन-कौन हैं।
#UPPolice #BreakingNews #PoliceInvestigation #CrimeNews #SwatantraPrabhat #KanpurNews #UttarPradeshNews #KanpurPolice #PoliceAction #DrugSeizure #DrugTrafficking #DrugSmuggling #MumbaiNews #KanpurCrimeNews #IllegalDrugTrade \#KanpurCrime #CharasSmuggling #NajirabadPolice #10KgCharas #NepalDrugSmuggling #DrugBust #HusbandWifeArrested #NarcoticsCase #SmugglingNetwork #AjmerNews


Comments