फीचर्ड
राजनीति
संविधान की रक्षा के लिए घर-घर पहुंचेगी सपा, चलाएगी पीडीए जन-जागरण अभियान
नवीन मार्केट स्थित पार्टी कार्यालय में मनाया गया संविधान बचाओ, लोकतंत्र बचाओ दिवस, कार्यकर्ताओं ने ली संवैधानिक मूल्यों की रक्षा की शपथ
कानपुर। संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को समाजवादी पार्टी कानपुर महानगर की ओर से नवीन मार्केट स्थित पार्टी कार्यालय में ‘संविधान बचाओ, लोकतंत्र बचाओ’ दिवस मनाया गया। इस दौरान पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ कर लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक मूल्यों की रक्षा का संकल्प लिया। साथ ही पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) समाज के अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए घर-घर जन-जागरण अभियान चलाने का निर्णय लिया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महानगर अध्यक्ष हाजी फजल महमूद ने की, जबकि संचालन वरिष्ठ उपाध्यक्ष शैलेंद्र यादव मिंटू ने किया। कार्यक्रम का शुभारंभ महानगर अध्यक्ष, महासचिव संजय सिंह और अन्य पदाधिकारियों ने संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्र तथा संविधान की पुस्तक पर माल्यार्पण कर किया।
सभा को संबोधित करते हुए हाजी फजल महमूद ने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर द्वारा निर्मित संविधान देश के पिछड़ों, दलितों, अल्पसंख्यकों और आम नागरिकों के सम्मान, समानता एवं अधिकारों की सबसे बड़ी गारंटी है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार की नीतियों से संविधान की मूल भावना और कमजोर वर्गों के अधिकार प्रभावित हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का स्पष्ट संदेश है कि संविधान बचेगा तभी लोकतंत्र सुरक्षित रहेगा। संविधान पीडीए समाज की सबसे बड़ी ताकत और अधिकारों की रक्षा का आधार है। हाजी फजल महमूद ने सरकारी विभागों में निजीकरण, संविदा और आउटसोर्सिंग को लेकर भी सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि इन व्यवस्थाओं से आरक्षण के अधिकार प्रभावित हो रहे हैं।
महानगर अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए पीडीए जन-जागरण अभियान को बूथ स्तर तक पहुंचाया जाए। इसके तहत घर-घर जाकर लोगों को उनके संवैधानिक अधिकारों और सामाजिक न्याय के प्रति जागरूक किया जाएगा। वरिष्ठ उपाध्यक्ष शैलेंद्र यादव मिंटू ने कहा कि समाजवादी पार्टी डॉ. राममनोहर लोहिया और मुलायम सिंह यादव के सिद्धांतों पर चलते हुए हमेशा कमजोर और वंचित वर्गों के अधिकारों की लड़ाई लड़ती रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जनता को जागरूक करने की अपील की।
कार्यक्रम में महासचिव संजय सिंह बंटी सेंगर, नंदलाल जायसवाल, इम्तियाज रसूल, कमलेश ओमर, विनय गुप्ता, सुधांशु मिश्रा, परमवीर गंभीर, महेंद्र सिंह, रजत मिश्रा, दीपक खोटे, शादाब आलम, अजय गुप्ता, रजत यादव, सोनू वाल्मीकि और अनूप चौधरी सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
#SwatantraPrabhat #PoliticalNews #KanpurNews #SPKanpur #KanpurPolitics #SocialJustice #LatestNews #UttarPradeshPolitics #BackwardClasses #DalitRights #DemocraticValues #AkhileshYadav #HajiFazalMahmood #IndianConstitution #SaveDemocracy #ConstitutionalRights #SamajwadiPartyNews #SaveConstitution #PDACommunity #ShailendraYadav #DrBhimraoAmbedkar \#SamajwadiParty #ConstitutionDay #PDAAwarenessCampaign #MinorityRights


Comments