बच्चों में संस्कार और राष्ट्रभावना का बीजारोपण जरूरी : सोहन श्रीमाली
मीरजापुर।
मीरजापुर।लालगंज बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण में परिवार और विद्यालय की भूमिका सबसे अहम है। बचपन में मिलने वाले संस्कार ही आगे चलकर जीवन की दिशा तय करते हैं। बच्चों को शिक्षा के साथ राष्ट्र और समाज के प्रति जिम्मेदारी का बोध कराना जरूरी है। यह बातें प्रदेश पिछड़ा वर्ग आयोग के उपाध्यक्ष सोहन श्रीमाली ने शनिवार को कोटा गुरुदत्त स्थित शिवकुमारी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के वार्षिकोत्सव में कहीं।

उन्होंने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज ने बचपन से ही अपनी प्रतिभा और वीरता का परिचय दिया था। भगत सिंह तथा गुरु गोविंद सिंह के साहिबजादे जोरावर सिंह और फतेह सिंह का उदाहरण देते हुए कहा कि इन वीरों ने राष्ट्र और धर्म की रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। उनका बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कोठारी बंधुओं का उल्लेख करते हुए कहा कि युवाओं की प्रतिभा, संकल्प और समर्पण से ही राष्ट्र को नई दिशा मिलती है।भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष बालेंदु मणि त्रिपाठी ने कहा कि विद्यालय केवल किताबी शिक्षा देने का केंद्र नहीं, बल्कि बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण की आधारशिला है। घर के संस्कार और विद्यालय की शिक्षा के समन्वय से ही युवा पीढ़ी समाज और देश को दिशा देने में सक्षम बनती है।

कार्यक्रम का संचालन भाजपा के वरिष्ठ नेता जयप्रकाश उपाध्याय ने किया।प्रधानाचार्य विंध्यवासिनी प्रसाद त्रिपाठी ने आभार जताया। विनोद त्रिपाठी और जगदीश त्रिपाठी ने अतिथियों का स्वागत किया। इस दौरान पूर्व प्रमुख जय सिंह, जिला पंचायत सदस्य विष्णु सिंह, प्रधानाचार्य डॉ. धर्मजीत सिंह, विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष हरिशंकर मिश्रा, इंद्रमणि पांडेय, जीडी बिनानी की पूर्व प्रधानाचार्य बीना सिंह, अशोक त्रिपाठी, डॉ. लाल बहादुर, नागेंद्र शुक्ला, अधिवक्ता अरुण त्रिपाठी और उमेश दुबे सहित अन्य लोग मौजूद रहे।


Comments