नवीनतम
फीचर्ड
राजनीति
अयोध्या का दीपोत्सवः योगी सरकार की पहल से विश्व भर में फैलेगा आस्था का उजाला, डिजिटल माध्यम से प्रज्ज्वलित होंगे एक लाख दीप
दीपोत्सव में सरयू के 56 घाटों पर 30 लाख दीप प्रज्ज्वलित करने का लक्ष्य, पांचवें वर्ष भी ऑनलाइन जुड़ेंगे श्रद्धालु
लखनऊ। अयोध्या के दीपोत्सव-2026 को वैश्विक स्वरूप देने के लिए योगी सरकार इस बार भी डिजिटल माध्यम से देश-विदेश के रामभक्तों को जोड़ने की तैयारी कर रही है। दीपोत्सव के दसवें संस्करण में सरयू नदी के 56 घाटों पर 30 लाख दीप प्रज्ज्वलित करने का लक्ष्य रखा गया है। इसी क्रम में डिजिटल धार्मिक मंच 'श्री मंदिर' की ओर से अयोध्या के राजद्वार में एक लाख दीप जलाने की पहल की गई है। इसके माध्यम से श्रद्धालु अयोध्या पहुंचे बिना भी अपने नाम से प्रभु श्रीराम के चरणों में दीप अर्पित करा सकेंगे।
पांचवें वर्ष भी डिजिटल सहभागिता का अवसर
'श्री मंदिर' के सहयोग से लगातार पांचवें वर्ष श्रद्धालुओं को ऑनलाइन दीप अर्पण की सुविधा मिलेगी। देश-विदेश में रहने वाले भक्त एक, पांच, 11 या 21 दीप अर्पित करने का विकल्प चुन सकेंगे। इसके बाद अयोध्या के राजद्वार में पुरोहित संबंधित श्रद्धालु के नाम और गोत्र से संकल्प लेकर विधि-विधानपूर्वक दीप प्रज्ज्वलित करेंगे। पूरी प्रक्रिया की वीडियो रिकॉर्डिंग कर संबंधित व्यक्ति को डिजिटल माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी।
अखंड रामायण पाठ और महाअन्नदान का आयोजन
दीपोत्सव के दौरान धार्मिक अनुष्ठानों के साथ सेवा कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। इसमें अखंड रामायण पाठ, विद्वान आचार्यों और ब्राह्मणों की सेवा तथा पांच हजार से अधिक साधु-संतों, श्रद्धालुओं और जरूरतमंदों के लिए महाअन्नदान की व्यवस्था शामिल है। इन कार्यक्रमों का आयोजन भी 'श्री मंदिर' मंच की ओर से किया जाएगा।
आस्था और तकनीक का संगम
'श्री मंदिर' के संस्थापक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रशांत सचान ने कहा कि श्रद्धालुओं की आस्था और उनके आराध्य के तीर्थस्थल के बीच भौगोलिक दूरी बाधा नहीं बननी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रयास है कि दुनिया के किसी भी हिस्से में रहने वाले रामभक्त का संकल्प अयोध्या तक पहुंचे और उसके नाम से विधि-विधान के साथ दीप प्रज्ज्वलित किया जाए।
डिजिटल दीप अर्पण की यह व्यवस्था खासतौर पर बुजुर्गों, अस्वस्थ लोगों और विदेशों में रहने वाले श्रद्धालुओं के लिए उपयोगी होगी। सरयू के घाटों पर लाखों दीपों की रोशनी के बीच ऑनलाइन सहभागिता से अयोध्या दीपोत्सव में देश-दुनिया के रामभक्तों की भागीदारी बढ़ेगी।


Comments