नवीनतम
फीचर्ड
राजनीति
दीपावली से पहले किसानों को सम्मान निधि की 24वीं किस्त, 9.34 करोड़ खातों में पहुंचे 18,690 करोड़ रुपये
यूपी के 2.24 करोड़ से अधिक किसानों को मिला लाभ, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने प्रधानमंत्री का जताया आभार
लखनऊ, 30 अक्टूबर। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त जारी होने से देशभर के करोड़ों किसानों को दीपावली से पहले आर्थिक सहायता मिली है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के बनासकांठा से देश के 9.34 करोड़ से अधिक किसानों के बैंक खातों में 18,690 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि हस्तांतरित की। उत्तर प्रदेश के 2.24 करोड़ से अधिक किसानों के खातों में 4,482.19 करोड़ रुपये पहुंचे हैं।
प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने इस अवसर पर प्रधानमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि दीपावली से पहले अन्नदाताओं के खातों में सम्मान निधि पहुंचना उनके लिए आर्थिक संबल और खुशियों का उपहार है। यह सहायता किसानों के प्रति प्रधानमंत्री की संवेदनशीलता और उनके सम्मान का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में केंद्र सरकार किसानों को देश की अर्थव्यवस्था और विकास की धुरी मानकर काम कर रही है। किसान सम्मान निधि योजना ने छोटे और सीमांत किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। डीबीटी के माध्यम से सीधे बैंक खातों में धनराशि पहुंचने से पारदर्शिता सुनिश्चित हुई है और बिचौलियों की भूमिका समाप्त हुई है।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों की आय बढ़ाना, खेती की लागत कम करना, सिंचाई सुविधाओं का विस्तार और आधुनिक तकनीक को कृषि से जोड़ना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने विश्वास जताया कि किसानों के आर्थिक सशक्तीकरण से गांवों की समृद्धि और देश की आत्मनिर्भरता को नई मजबूती मिलेगी।
उन्होंने प्रदेश एवं देश के सभी किसान भाइयों को 24वीं किस्त मिलने पर बधाई और शुभकामनाएं दीं।


Comments