दीपावली पर उपहार के साथ हुनरमंद कारीगरों का भी करें सम्मान : योगी
मुख्यमंत्री ने ओडीओपी उत्पादों को उपहार में देने की अपील की, कहा- प्रदेश के निर्यात में 50 फीसदी हिस्सेदारी और 81 जीआई टैग से मिल रही वैश्विक पहचान
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दीपावली के अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि दीपावली आत्मीयता, उल्लास और लोकमंगल का पर्व है। इस अवसर पर अपने प्रियजनों को उपहार देते समय प्रदेश के हुनरमंद कारीगरों और शिल्पकारों के श्रम एवं कौशल का भी सम्मान किया जाना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जारी संदेश में कहा कि एक जनपद-एक उत्पाद (ओडीओपी) योजना ने उत्तर प्रदेश की पारंपरिक कलाओं और उत्पादों को नई पहचान दिलाई है। प्रदेश के कुल निर्यात में ओडीओपी उत्पादों की हिस्सेदारी करीब 50 प्रतिशत है। वहीं, 81 जीआई टैग के माध्यम से यहां के विशिष्ट उत्पादों को वैश्विक स्तर पर पहचान मिली है।
योगी ने प्रदेशवासियों से इस दीपावली पर ओडीओपी उत्पादों को उपहार के रूप में अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों की खरीदारी केवल कारीगरों, शिल्पकारों और उद्यमियों के परिश्रम का सम्मान नहीं है, बल्कि प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने का भी माध्यम है।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देकर आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश के संकल्प को मजबूती दी जा सकती है।


Comments