फीचर्ड
राजनीति
भारत
दीपोत्सव की तैयारियों का जायजा लेने अयोध्या आएंगे मुख्यमंत्री योगी
हनुमानगढ़ी और राम मंदिर में करेंगे दर्शन-पूजन, राम की पैड़ी, रामकथा पार्क व सरयू आरती स्थल का करेंगे निरीक्षण
अयोध्या। दीपोत्सव-2026 की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को अयोध्या पहुंचेंगे। दोपहर 12 बजे तक उनके पहुंचने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। दौरे के दौरान मुख्यमंत्री सबसे पहले हनुमानगढ़ी और राम मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे। इसके बाद साकेत महाविद्यालय, राम की पैड़ी, रामकथा पार्क और सरयू आरती स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे। वह अधिकारियों के साथ बैठक कर आयोजन की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा भी करेंगे।
दीपोत्सव में शामिल होने वाले मुख्य अतिथियों और विशिष्ट अतिथियों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी उच्चाधिकारियों के साथ बैठक प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी और एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने विभिन्न कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।
जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने बताया कि पिछले दो-तीन दिनों में हुई बारिश से तैयारियों पर कुछ असर पड़ा था, लेकिन पहले से चल रहे कार्यों के चलते कोई बड़ी बाधा नहीं आई है। सभी तैयारियां निर्धारित समय के अनुसार आगे बढ़ रही हैं। मुख्यमंत्री के निरीक्षण के दौरान यदि कोई कमी सामने आती है तो उसे तत्काल दूर कराया जाएगा।
यातायात और सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम
एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने बताया कि दीपोत्सव क्षेत्र को अलग-अलग जोन और सेक्टर में बांटकर तैयारियों की निगरानी की जा रही है। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए अंतरजनपदीय और अंतर्जनपदीय डायवर्जन योजना तैयार की गई है। आयोजन स्थल और आसपास के क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरों के जरिए निगरानी की जाएगी।
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए येलो जोन कंट्रोल रूम के साथ एकीकृत कमांड एंड कंट्रोल सेंटर भी तैयार किया जा रहा है। जनपदीय पुलिस के अतिरिक्त रेंज, जोन और पुलिस मुख्यालय से भी पुलिस बल उपलब्ध कराया गया है। इसके अलावा विशेष सुरक्षा एजेंसियों की तैनाती की जा रही है। प्रशासन का कहना है कि दीपोत्सव और मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं।


Comments