कानपुर में कलेक्ट्रेट पर सपाइयों का हल्लाबोल, CEC पर गंभीर आरोप लगाकर राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन

‘वोट चोरी’ के आरोपों पर भड़के सपाई, ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने और EVM की जगह बैलेट पेपर से चुनाव कराने की उठी मांग

हर्षिता यादव  Picture
Published On

कानपुर, गुरुवार। चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ समाजवादी पार्टी कानपुर महानगर ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया। महानगर अध्यक्ष हाजी फज़ल महमूद के नेतृत्व में बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता जिला मुख्यालय पहुंचे और चुनावी प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं तथा मतदाता सूची में गड़बड़ी के आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के बाद सपा प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन एडीएम सिटी सौरभ सिंह को सौंपा।
 
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण के दौरान वास्तविक मतदाताओं के नाम काटे जाने तथा एक ही व्यक्ति के नाम अलग-अलग पतों पर दर्ज होने जैसी शिकायतें सामने आई हैं। सपा नेताओं ने मांग की कि मतदाता सूची की निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई हो।
 
महानगर अध्यक्ष हाजी फज़ल महमूद ने कहा कि पार्टी लोकतांत्रिक व्यवस्था में पारदर्शिता और निष्पक्ष चुनाव की मांग कर रही है। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त पर तीखे आरोप लगाते हुए कहा कि चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर विपक्ष के भीतर गंभीर सवाल हैं। उन्होंने कहा कि जनता के मताधिकार से किसी भी तरह का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जाएगा।
 
सपा नेताओं ने ईवीएम की विश्वसनीयता पर भी सवाल उठाते हुए चुनाव बैलेट पेपर से कराने की मांग दोहराई। उनका कहना था कि चुनाव प्रक्रिया ऐसी होनी चाहिए, जिस पर सभी राजनीतिक दलों और आम मतदाताओं का भरोसा कायम रहे।प्रदर्शन के दौरान सपा नेताओं ने अखिलेश यादव के खिलाफ हुई कार्रवाई का मुद्दा भी उठाया और इसे लोकतांत्रिक आवाज दबाने का प्रयास बताया। कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
 
इस दौरान वरिष्ठ उपाध्यक्ष शैलेंद्र यादव ‘मिंटू’, महासचिव संजय सिंह ‘बंटी सेंगर’, विधायक अमिताभ बाजपेई, केके शुक्ला, नरेंद्र सिंह पिंटू ठाकुर, कमलेश ओमर, सुलेखा यादव, दीपक खोटे, शादाब आलम, अर्पित त्रिवेदी, अरमान खान, शिवकुमार वाल्मीकि, राजेश कश्यप, मुमताज मंसूरी, हुकुम सिंह, महेंद्र सिंह, सत्यनारायण गहरवार, सुधांशु मिश्रा, दीपिका मिश्रा, फलक नाज, दीप शिखा, पूजा यादव, दीप्ति सिंह, बृजलाल यादव, ओमप्रकाश गुप्ता, तौसीफ सिद्दीकी, सचिन सिंह, राजकुमार पाल और राजेंद्र जायसवाल समेत बड़ी संख्या में पार्टी नेता, पार्षद व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें