नशामुक्त युवा ही स्वस्थ समाज और सशक्त राष्ट्र की नींव
सुपौल टाउन हॉल में ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ प्रतियोगिता का आयोजन, विभिन्न विधाओं में युवाओं ने दिखाई प्रतिभा
सुपौल। माय भारत सुपौल एवं युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में गुरुवार को सुपौल टाउन हॉल में ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सुपौल सांसद दिलेश्वर कामैत ने दीप प्रज्वलित कर किया।
इस मौके पर जिला युवा अधिकारी वसीम अकरम, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी तालेश्वर पटेल, माय भारत चयन समिति के सदस्य गिरीश एवं मिथिलेश तथा पूर्व चयन समिति सदस्य सुरेश एवं सुमन मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद दिलेश्वर कामैत ने युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवा अपनी ऊर्जा, प्रतिभा और क्षमता का उपयोग सकारात्मक एवं रचनात्मक कार्यों में करें। नशामुक्त युवा ही स्वस्थ समाज और सशक्त राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
प्रतियोगिता में लोकगीत, नृत्य, गायन, चित्रकला, स्लोगन लेखन और निबंध लेखन सहित विभिन्न विधाओं का आयोजन किया गया। जिले के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं समेत अन्य प्रतिभागियों ने उत्साह के साथ भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतिभागियों के मूल्यांकन के लिए विभिन्न सरकारी विद्यालयों के विषय विशेषज्ञ शिक्षकों को निर्णायक बनाया गया। निर्णायकों ने प्रस्तुति, रचनात्मकता, विषय की समझ और अभिव्यक्ति के आधार पर प्रतिभागियों का मूल्यांकन किया।
आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के साथ उनकी रचनात्मक प्रतिभा को सकारात्मक दिशा देना है। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को नशामुक्त समाज के निर्माण और विकसित भारत के संकल्प में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया। आयोजन की सफलता में जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग के सहयोग के लिए माय भारत सुपौल की ओर से आभार व्यक्त किया गया।


Comments