सेवा संकल्प अभियान के तहत नानकमता पहुंचे मुख्यमंत्री धामी, दिया स्वच्छता का संदेश
स्वच्छता अभियान में मुख्यमंत्री ने किया श्रमदान, धार्मिक स्थलों को स्वच्छ रखने का आह्वान बोले धामी-स्वच्छता केवल अभियान तक सीमित नहीं, इसे निरंतर आगे बढ़ाया जाएगा
नानकमता। सेवा संकल्प अभियान के तहत मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को नानकमता पहुंचकर स्वच्छता अभियान में प्रतिभाग किया। कार्यक्रम से पूर्व मुख्यमंत्री ने ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री नानकमता साहिब में मत्था टेका और प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
गुरुद्वारा श्री नानकमता साहिब परिसर में आयोजित स्वच्छता अभियान के दौरान मुख्यमंत्री ने स्वयं श्रमदान कर साफ-सफाई की। उन्होंने लोगों से स्वच्छता को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि धार्मिक स्थलों की पवित्रता बनाए रखने के साथ ही आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ वातावरण से धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों की सुंदरता भी बढ़ती है और बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों के बीच भी सकारात्मक संदेश जाता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड प्रमुख धार्मिक और पर्यटन राज्य है। यहां देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं। ऐसे में बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों, सरकारी कार्यालयों, अस्पतालों और धार्मिक स्थलों की स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता को किसी एक अभियान तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि इसे निरंतर आगे बढ़ाया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के जनसेवा कार्यकाल का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपना जीवन देश और देशवासियों की सेवा के लिए समर्पित किया है। प्रधानमंत्री के जन्मदिवस 17 सितंबर से शुरू हुए सेवा संकल्प अभियान के तहत देशभर में विभिन्न सेवा और जनहित से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में नानकमता साहिब के पावन परिसर में विशेष स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया।
स्वच्छता अभियान के दौरान गुरुद्वारा श्री नानकमता साहिब कमेटी की ओर से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को सरोपा और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने गुरुद्वारा परिसर की व्यवस्थाओं और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर भी जानकारी ली।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रेम सिंह टुरना, पूर्व विधायक प्रेम सिंह राणा, भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष सतीश भट्ट, गुरुद्वारा कमेटी अध्यक्ष सरदार जोगेंद्र सिंह, महासचिव सरदार अमरजीत सिंह बोपराय, सचिव सरदार हरभजन सिंह सहित कमेटी के पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे। कार्यक्रम में जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, एसएसपी अजय गणपति, सीडीओ दिवेश शाशनी, अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय, कौस्तुभ मिश्रा, एसडीएम ऋचा सिंह समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
#SwatantraPrabhat #NarendraModi #SwachhataAbhiyan #CleanlinessDrive #SwachhBharat #CleanIndia #PublicService #SevaSankalpAbhiyan #SevaSankalp #CommunityParticipation #ReligiousPlaces #PMModi #UttarakhandNews #UttarakhandPolitics #Shramdaan #Nanakmatta #PushkarSinghDhami #NanakmattaNews #UttarakhandCM #NanakmattaSahib #GurudwaraNanakmattaSahib #ReligiousTourism #TourismUttarakhand #EnvironmentalCleanliness #Gurudwara


Comments