राजनीति
उ०प्र० शिक्षा सेवा चयन आयोगः सम्बद्ध प्राइमरी सहायक अध्यापक भर्ती में विशेष शिक्षा डिप्लोमा व बी.एल.एड. भी शामिल
ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 4 नवंबर तक बढ़ी, 7 नवंबर तक कर सकेंगे संशोधन; परीक्षा 3 व 4 दिसंबर को
लखनऊ। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने सहायक अध्यापक (सम्बद्ध प्राइमरी) भर्ती-2026 की शैक्षिक अर्हताओं में संशोधन करते हुए विशेष शिक्षा में डिप्लोमा और बीएलएड (प्रारंभिक शिक्षा में स्नातक) उपाधिधारकों को भी शामिल कर लिया है। इस फैसले के बाद अभ्यर्थियों को आवेदन के लिए अतिरिक्त समय दिया गया है।
आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार के अनुसार, इलाहाबाद उच्च न्यायालय के 24 अक्टूबर 2026 के आदेश और शासन की स्वीकृति के अनुपालन में विज्ञापन संख्या 05/2026 के तहत यह बदलाव किया गया है। अब भारतीय पुनर्वास परिषद से अनुमोदित विशेष शिक्षा में द्विवर्षीय डिप्लोमा और चार वर्षीय बीएलएड उपाधि रखने वाले अभ्यर्थी भी निर्धारित शर्तों के अनुसार आवेदन कर सकेंगे।
4 नवंबर तक कर सकेंगे आवेदन
आयोग के उप सचिव संजय कुमार सिंह ने बताया कि नई अर्हताओं को शामिल किए जाने के बाद अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 28 अक्टूबर से बढ़ाकर 4 नवंबर 2026 कर दी गई है। वहीं, भरे गए आवेदन-पत्र में त्रुटि सुधार या संशोधन करने का अवसर 7 नवंबर 2026 तक मिलेगा।
आयोग ने स्पष्ट किया है कि भर्ती की लिखित परीक्षा के कार्यक्रम में कोई बदलाव नहीं किया गया है। परीक्षा पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 3 और 4 दिसंबर 2026 को प्रदेश के निर्धारित केंद्रों पर आयोजित की जाएगी।


Comments