चारों बच्चे दिव्यांग, पिता बीमारी से जूझे, दिव्यांग मां मजदूरी कर पाल रही परिवार
चारों बच्चों की देखभाल और इलाज का खर्च परिवार के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है।
बस्ती। स्वतंत्र प्रभात संवाददाता।
नगर पंचायत नगर के वार्ड नंबर-10 भगत सिंह नगर के भैरोपुर गांव में पाण्डेय परिवार आर्थिक तंगी से जूझ रहा है। परिवार के चारों बच्चे दिव्यांग हैं और चलने-बोलने में असमर्थ हैं। परिवार के मुखिया पैरालिसिस से पीड़ित रह चुके हैं, जबकि मां स्वयं दिव्यांग होने के बावजूद मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण कर रही हैं।
परिवार के पास न पक्का मकान है और न ही अपना आवास बनाने के लिए जमीन। मजदूरी न मिलने पर बच्चों के भोजन की व्यवस्था करना भी मुश्किल हो जाता है। चारों बच्चों की देखभाल और इलाज का खर्च परिवार के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है।
परिवार की स्थिति की जानकारी मिलने पर सेवा समर्पण भाव परिवार की टीम ने मौके पर पहुंचकर खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई और दो हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी। वहीं बस्ती निवासी मनीष मिश्रा ने परिवार को प्रतिमाह दो हजार रुपये की मदद देने, दो कमरों का मकान बनवाने और परिवार के एक सदस्य को 10 हजार रुपये प्रतिमाह की नौकरी दिलाने का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि दो-चार दिनों में मकान निर्माण शुरू कराया जाएगा।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से परिवार का सत्यापन कर आवास, राशन, पेंशन और दिव्यांगजन कल्याण योजनाओं का लाभ दिलाने की मांग की है। परिवार को अब सरकारी सहायता के साथ समाज से भी सहयोग की उम्मीद है।


Comments