बाढ़ राहत सामग्री वितरण में विवाद

दलित चौकीदार के परिवार पर दबंगों का कहर 

हर्षिता यादव  Picture
Published On

महराजगंज,रायबरेली।कोतवाली क्षेत्र के पूरेलोदी मजरे पिंडारी कला गांव में बाढ़ राहत सामग्री बांटने के दौरान हुए एक छोटे से विवाद ने  हिंसक रूप ले लिया। गांव के ही कुछ दबंगों ने दलित चौकीदार के घर पर धावा बोलकर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से जानलेवा हमला कर दिया। इस घटना में एक मासूम बच्ची सहित परिवार के चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
 
जातिसूचक अपशब्दों से हुई विवाद की शुरुआत
प्राप्त जानकारी के अनुसार, महराजगंज कोतवाली में बतौर चौकीदार तैनात पूरे लोदी मजरे रामचरन ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि बीते रविवार 6 सितंबर को जब गांव में बाढ़ पीड़ितों के लिए राहत सामग्री बांटी जा रही थी तब उनका बेटा पवन कुमार भी वहां सामग्री लेने पहुंचा था। आरोप है कि वहां मौजूद गांव के ही राम कुमार ने पवन को देखते ही सरेआम जातिसूचक गालियां देनी शुरू कर दीं। भरी सभा में हुए इस भारी अपमान से क्षुब्ध होकर पवन ने राहत सामग्री नहीं ली और चुपचाप अपने घर लौट आया।
 
घर में घुसकर हैवानियत और मासूम पर हमला
मामला केवल गालियों तक सीमित नहीं रहा। घटना के कुछ ही समय बाद, आरोपी राम कुमार अपने सहयोगी अभिषेक, सर्वेश और सतीश के साथ लाठी-डंडे और चाकू लेकर रामचरन के घर जाकर धमकी देने लगे जब पीड़ित परिवार ने इस गुंडागर्दी का विरोध किया, तो दबंगों ने उन पर बर्बरतापूर्वक हमला कर दिया। इस खूनी खेल में रामचरन, उनके बेटे पवन और बहू को गहरी चोटें आई हैं। दबंगों की हैवानियत का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उन्होंने घर में मौजूद पीड़ित की एक छोटी मासूम पोती को भी नहीं बख्शा और उसे बेरहमी से उठाकर जमीन पर पटक दिया, जिससे वह बच्ची भी घायल हो गई।
 
गांव छोड़ने की धमकी और पुलिस कार्रवाई
हमले को अंजाम देने के बाद, दबंग आरोपी पूरे परिवार को गांव से बाहर निकालने और जान से मारने की खुली धमकियां देते हुए वहां से फरार हो गए। स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि ये आरोपी आपराधिक प्रवृत्ति के हैं और अक्सर गांव के लोगों का उत्पीड़न करते हैं। घटना के बाद पीड़ित चौकीदार ने तहरीर दी है।  क्षेत्राधिकारी प्रदीप कुमार ने बताया घटना की जांच के लिए कोतवाल को निर्देश दिए गए हैं आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें