सड़क निर्माण की मांग को लेकर किसानों का धरना चौथे दिन भी जारी

वन विभाग की एनओसी मिलते ही तीनों सड़कों के निर्माण का दावा, किसानों ने कहा—काम शुरू होने तक जारी रहेगा धरना ।

अजय यादव Picture
Published On

लखनऊ। 
 
नगराम क्षेत्र की जर्जर और कच्ची सड़कों के निर्माण की मांग को लेकर राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के तत्वावधान में कुबहरा सामुदायिक मिलन केंद्र पर चल रहा किसानों का अनिश्चितकालीन धरना शनिवार को चौथे दिन भी जारी रहा। धरने में क्षेत्र के विभिन्न गांवों से पहुंचे सैकड़ों किसान, मजदूर और महिलाएं शामिल हुए। किसानों ने साफ कहा कि सड़कों का निर्माण शुरू होने तक आंदोलन समाप्त नहीं किया जाएगा।
 
शनिवार को पीडब्ल्यूडी के सर्वेयर सर्वेश मिश्रा दोबारा धरना स्थल पहुंचे। उन्होंने कमलापुर-विचिलखा माइनर से कुबहरा तक जाने वाले कच्चे मार्ग की लंबाई की माप की। इसके बाद उन्होंने किसानों को बताया कि विभागीय अधिकारियों के निर्देश पर क्षेत्र की तीनों प्रस्तावित सड़कों की माप की जा रही है और इसकी रिपोर्ट शनिवार शाम तक अधिकारियों को उपलब्ध कराई जानी है।
 
सर्वेयर ने बताया कि माप की रिपोर्ट के बाद वन विभाग से अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) लेने के लिए रिपोर्ट भेजी जाएगी। वन विभाग की एनओसी मिलते ही तीनों सड़कों के निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। हालांकि विभागीय कार्रवाई की जानकारी मिलने के बावजूद किसानों ने धरना समाप्त करने से इनकार कर दिया।
 
किसानों का कहना है कि सड़कों के निर्माण की मांग लंबे समय से की जा रही है। जर्जर और कच्चे मार्गों के कारण ग्रामीणों को आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उनका कहना है कि अब आश्वासन नहीं, बल्कि मौके पर निर्माण कार्य शुरू होना चाहिए।
 
राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के मंडल महामंत्री लखनऊ हरिपाल सिंह ने कहा कि किसानों की मांग पूरी होने तक संगठन आंदोलन से पीछे नहीं हटेगा। सड़क की माप कर रिपोर्ट तैयार किए जाने की कार्रवाई सकारात्मक है, लेकिन किसानों को अब निर्माण कार्य शुरू होने का इंतजार है।
 
धरने में ब्लॉक अध्यक्ष दिनेश कुमार, राजेश कुमार, रामपाल राजपूत, राम कुमार प्रधान पति, केशव राम लोधी, पृथ्वीराज, ब्रजपाल यादव, राम-लखन, पूर्व प्रधान राजू समेत सैकड़ों किसान, मजदूर और महिलाएं मौजूद रहे। किसानों ने दोहराया कि सड़क निर्माण शुरू होने तक उनका अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा।
 
 

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें