57वीं वाहिनी एसएसबी में भव्य श्री अन्न मेले का आयोजन
मोटे अनाज के पौष्टिक गुणों से जवानों और उनके परिजनों को कराया जागरूक
सितारगंज। 57वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) सितारगंज में कार्यवाहक कमांडेंट जसवीर सिंह की गरिमामयी उपस्थिति में मिलेट्स मेला (श्री अन्न मेला) का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य वाहिनी के अधिकारियों, जवानों, उनके परिजनों और आमजन को मोटे अनाज के पोषण संबंधी लाभों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें अपने दैनिक भोजन में शामिल करने के लिए प्रेरित करना रहा।
मेले के दौरान मोटे अनाज से तैयार विभिन्न स्वादिष्ट और पौष्टिक व्यंजनों के स्टॉल लगाए गए। इनमें रागी (मडुवा), ज्वार, बाजरा, झंगोरा, कुट्टू और कोदो से बने अनेक व्यंजन प्रदर्शित किए गए। अधिकारियों और जवानों ने विभिन्न व्यंजनों का स्वाद चखा तथा मोटे अनाज से मिलने वाले पोषण और स्वास्थ्य लाभों की सराहना की।
इस अवसर पर कार्यवाहक कमांडेंट जसवीर सिंह ने जवानों को संबोधित करते हुए कहा कि मोटा अनाज पोषक तत्वों से भरपूर होता है। इसके नियमित सेवन से शरीर को आवश्यक पोषण मिलता है और रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत करने में मदद मिलती है। उन्होंने कहा कि श्री अन्न केवल बेहतर स्वास्थ्य का माध्यम ही नहीं है, बल्कि यह देश के किसानों की आर्थिक समृद्धि और पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
उन्होंने सभी जवानों और उनके परिजनों से आह्वान किया कि वे अपने बेहतर स्वास्थ्य के लिए दैनिक भोजन में मोटे अनाज को नियमित रूप से शामिल करें और इसके लाभों के प्रति समाज के अन्य लोगों को भी जागरूक करें।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अधिकारियों एवं जवानों ने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा श्री अन्न को अपने खानपान का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया। इसके साथ ही मेले का सफलतापूर्वक समापन हुआ।
#SwatantraPrabhat #EnvironmentalProtection #HealthyLifestyle #HealthAwareness #NutritionAwareness #FarmersWelfare #Sitarganj #UttarakhandNews #SitarganjNews #SashastraSeemaBal #SSB #FoodAndNutrition #ShreeAnna #MilletsMela #Millets #MilletMela #MilletFood #MilletNutrition #Ragi #Jowar #Bajra #Kodo #Kuttu #Jhangora #HealthyEating


Comments