नवीनतम
फीचर्ड
राजनीति
भारत
30 लाख नौकरियां कहां से देंगे अखिलेश, पहले अपना रिकॉर्ड बताएं: योगी
1,594 नवचयनित लेखा परीक्षकों और सहायक लेखाकारों को बांटे नियुक्ति पत्र, बोले- अगले सप्ताह 50 हजार से अधिक युवाओं को मिलेगी नौकरी
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूपीएसएसएससी) के माध्यम से आंतरिक लेखा एवं लेखा परीक्षा निदेशालय में चयनित 1,594 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इनमें 201 लेखा परीक्षक और 1,393 सहायक लेखाकार शामिल हैं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए पूछा कि 30 लाख नौकरियां देने का दावा करने वाली सपा बताए कि चार बार सत्ता में रहने के दौरान उसने कितने युवाओं को सरकारी नौकरी दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा शासनकाल में भर्ती प्रक्रिया वसूली और अनियमितताओं से प्रभावित थी। 2017 से पहले नौकरी का विज्ञापन जारी होते ही चाचा-भतीजे की जोड़ी वसूली के लिए निकल पड़ती थी। उन्होंने आरोप लगाया कि उस दौर में योग्य अभ्यर्थियों के बजाय दूसरे लोगों को नियुक्तियां मिलती थीं। वर्ष 2015-16 में पीसीएस परीक्षा के एक टॉपर का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि उसे शीर्ष स्थान तक पहुंचाया गया था। मुख्यमंत्री ने तंज कसते हुए कहा कि सैफई सिंडिकेट को नियुक्ति पत्र गिनने नहीं आते, उसे सिर्फ नोट गिनना आता है।
पौने दस लाख युवाओं को नौकरी देने का दावा
योगी ने कहा कि उनकी सरकार पिछले साढ़े नौ वर्षों में करीब पौने दस लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दे चुकी है। सपा और बसपा के सात कार्यकालों में हुई कुल नियुक्तियों से दोगुने से अधिक नियुक्तियां उनकी सरकार ने की हैं। उन्होंने दावा किया कि भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाया गया है और चयन में किसी अभ्यर्थी से पैसे की मांग या दबाव की शिकायत नहीं आई। मुख्यमंत्री ने बताया कि यह सिलसिला आगे भी जारी रहेगा। अगले सप्ताह 50 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र देने की तैयारी है, जिनमें करीब आठ हजार लेखपाल और 42 हजार होमगार्ड शामिल हैं। इसके अलावा शिक्षा सेवा चयन आयोग के माध्यम से चयनित करीब दो हजार अभ्यर्थियों को भी नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे।
युवाओं को तकनीक और रोजगार से जोड़ने पर जोर
Read More दिल्ली में पाकिस्तानी ड्रामे की वॉच पार्टी पर विवाद, नेटफ्लिक्स की नई सीरीज के बहिष्कार की मांग तेजमुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था पिछले साढ़े नौ वर्षों में करीब 12.5 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर 36 लाख करोड़ रुपये तक पहुंची है। प्रति व्यक्ति आय में भी वृद्धि हुई है। प्रदेश को एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने कहा कि पहले प्रदेश का युवा कट्टा-बम बनाने के लिए जाना जाता था, जबकि आज वह ब्रह्मोस मिसाइल और आधुनिक राइफल के निर्माण में योगदान दे रहा है। युवाओं से मेरिट और ईमानदारी को अपना मूलमंत्र बनाने की अपील करते हुए उन्होंने कहा कि नियुक्ति पत्र उनके परिश्रम और प्रतिभा का सम्मान है।
पुरानी पेंशन और परियोजनाओं पर भी उठाए सवाल
मुख्यमंत्री ने पुरानी पेंशन योजना के मुद्दे पर विपक्ष को घेरते हुए कहा कि ओपीएस की मांग करने वाले यह भी बताएं कि एनपीएस किसने लागू की थी। उन्होंने दावा किया कि 2005 से 2017 के बीच कर्मचारियों के खातों और सरकारी अंशदान की व्यवस्था में कमियां थीं, जिन्हें उनकी सरकार ने दूर किया। सरकार ने एनपीएस में अपना अंशदान 10 से बढ़ाकर 14 प्रतिशत किया और करीब 10 हजार करोड़ रुपये कर्मचारियों के खातों में जमा कराए।
योगी ने गोमती रिवरफ्रंट और जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय केंद्र का जिक्र करते हुए पूर्ववर्ती सरकार पर सरकारी धन के दुरुपयोग का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं की लागत निर्धारित बजट से काफी अधिक हो गई, फिर भी काम अधूरे रहे। नवनियुक्त लेखा परीक्षकों और सहायक लेखाकारों को उन्होंने ईमानदारी से काम करने तथा किसी भी गलत दबाव में न आने की नसीहत दी।
कार्यक्रम में वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, प्रमुख सचिव वित्त एवं आईटी आलोक कुमार, सचिव वित्त मिनिस्ती एस.जी., सचिव वित्त संदीप कौर सहित अन्य अधिकारी और अतिथि मौजूद रहे।


Comments