सामाजिक क्रांति, शिक्षा और समानता के अग्रदूत : महात्मा ज्योतिबा ज्योतिबा फुले

वे केवल समाज सुधारक ही नहीं, बल्कि महान विचारक, लेखक, शिक्षाविद् और सामाजिक क्रांति के अग्रदूत थे।

हर्षिता यादव  Picture
Published On

सुनील कुमार वाजपेयी शिवम्
 
भारतीय समाज में सामाजिक चेतना, शिक्षा, समानता और मानवाधिकारों की अलख जगाने वाले महान समाज सुधारक महात्मा ज्योतिराव गोविंदराव फुले का नाम इतिहास में स्वर्णाक्षरों में अंकित है। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन समाज में व्याप्त जातिगत भेदभाव, छुआछूत, अशिक्षा, अंधविश्वास और महिला उत्पीड़न के विरुद्ध संघर्ष करते हुए समर्पित कर दिया। वे केवल समाज सुधारक ही नहीं, बल्कि महान विचारक, लेखक, शिक्षाविद् और सामाजिक क्रांति के अग्रदूत थे।
 
महात्मा ज्योतिबा फुले का जन्म 11 अप्रैल 1827 को महाराष्ट्र के सतारा जिले के कटगुण गांव में एक माली परिवार में हुआ था। उनके पिता का नाम गोविंदराव तथा माता का नाम चिमनाबाई था। उनका परिवार बाद में पुणे आकर बस गया। आर्थिक परिस्थितियों के कारण उनकी प्रारंभिक शिक्षा बाधित हुई, लेकिन शिक्षा के प्रति उनकी रुचि और जिज्ञासा बनी रही। बाद में उन्होंने पुनः शिक्षा प्राप्त की और सामाजिक असमानता के विरुद्ध अपने विचारों को मजबूत आधार दिया।
 
ज्योतिबा फुले का मानना था कि शिक्षा ही सामाजिक परिवर्तन का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने महिलाओं और वंचित वर्गों को शिक्षा से जोड़ने का ऐतिहासिक कार्य किया। वर्ष 1848 में उन्होंने पुणे में लड़कियों के लिए पहला विद्यालय स्थापित किया। उनकी पत्नी सावित्रीबाई फुले ने इस कार्य में उनका कंधे से कंधा मिलाकर साथ दिया और स्वयं महिला शिक्षा की अग्रदूत बनीं। उस समय महिलाओं को पढ़ाना सामाजिक रूढ़ियों के विरुद्ध माना जाता था। इसके बावजूद ज्योतिबा और सावित्रीबाई ने विरोध, अपमान और कठिनाइयों की परवाह किए बिना शिक्षा का दीप जलाए रखा।
 
उन्होंने विधवाओं के उत्थान, बाल विवाह की कुप्रथा और स्त्री शोषण के विरुद्ध भी आवाज उठाई। 24 सितंबर 1873 को ज्योतिबा फुले ने सत्यशोधक समाज की स्थापना की। इसका प्रमुख उद्देश्य समाज में व्याप्त जातिगत भेदभाव, धार्मिक पाखंड और सामाजिक शोषण को समाप्त करना था। वे ऐसे समाज की कल्पना करते थे, जहां प्रत्येक व्यक्ति को समान अधिकार, सम्मान और अवसर प्राप्त हों। उन्होंने पुरोहितवादी व्यवस्था तथा जन्म आधारित ऊंच-नीच का विरोध किया।
 
ज्योतिबा फुले ने अपने लेखन के माध्यम से सामाजिक कुरीतियों पर प्रहार किया। उनकी प्रसिद्ध पुस्तक 'गुलामगिरी' वर्ष 1873 में प्रकाशित हुई। इसके अतिरिक्त 'शेतकऱ्याचा असूड' में उन्होंने किसानों के शोषण और उनकी समस्याओं को उजागर किया। उनके विचारों में मानवता, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व की भावना प्रमुख थी। महात्मा ज्योतिबा फुले का निधन 28 नवंबर 1890 को पुणे में हुआ। उनका जीवन संघर्ष, साहस और सामाजिक प्रतिबद्धता का अनुपम उदाहरण है। वर्ष 1888 में उन्हें 'महात्मा' की उपाधि प्रदान की गई थी।
 
निस्संदेह, ज्योतिबा फुले ने भारतीय समाज को नई दिशा देने का कार्य किया। उन्होंने सिद्ध किया कि किसी भी सभ्य समाज की वास्तविक उन्नति तभी संभव है, जब शिक्षा सबके लिए सुलभ हो और समाज में किसी के साथ जाति, लिंग अथवा वर्ग के आधार पर भेदभाव न किया जाए। उनके विचार आज भी सामाजिक न्याय, महिला सशक्तीकरण और समतामूलक भारत के निर्माण की प्रेरणा देते हैं।

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें