खादी को नया विस्तार, ग्रामीण रोजगार का मजबूत आधार बन रहा ग्रामोद्योग

लखनऊ में 10 दिवसीय राज्य स्तरीय खादी महोत्सव का शुभारंभ, 150 स्टॉलों पर दिखे प्रदेश के उत्पाद

हर्षिता यादव  Picture
Published On

लखनऊ। खादी को ग्रामीण अर्थव्यवस्था, स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता का सशक्त माध्यम बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को गोमती नगर स्थित केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय परिसर में 10 दिवसीय राज्य स्तरीय ‘उत्तर प्रदेश खादी महोत्सव-2026’ का शुभारंभ हुआ। खादी एवं ग्रामोद्योग मंत्री राकेश सचान ने महोत्सव का उद्घाटन करते हुए कहा कि खादी केवल वस्त्र नहीं, बल्कि स्वाभिमान, स्वदेशी और आत्मनिर्भरता का विचार है।

उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड की ओर से आयोजित यह महोत्सव 27 नवंबर से छह दिसंबर तक चलेगा। ‘धागों में संस्कृति, खादी से प्रगति’ थीम पर आयोजित महोत्सव में प्रदेश के विभिन्न जिलों के उद्यमियों और शिल्पकारों ने 150 स्टॉल लगाए हैं। इनमें खादी वस्त्रों के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में तैयार किए गए विभिन्न ग्रामोद्योग उत्पाद प्रदर्शित किए जा रहे हैं।

मंत्री राकेश सचान ने कहा कि प्रदेश सरकार खादी को नई पीढ़ी की पसंद बनाने के साथ इससे जुड़े बुनकरों, कारीगरों और ग्रामीण उद्यमियों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए प्रयासरत है। आधुनिक डिजाइन और आकर्षक परिधानों के माध्यम से खादी को पारंपरिक विरासत के साथ बदलती जीवनशैली से जोड़ा जा रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे खादी को नई पहचान मिली है।

ग्रामोद्योग इकाइयों से बढ़े रोजगार के अवसर

भाखरी एचएससी में स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित, 100 से अधिक लोगों की हुई स्क्रीनिंग Read More भाखरी एचएससी में स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित, 100 से अधिक लोगों की हुई स्क्रीनिंग

मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार योजना और प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के तहत पिछले पांच वर्षों में 2,544.35 करोड़ रुपये का ऋण वितरित किया गया है। इसके माध्यम से प्रदेश में 24,799 ग्रामोद्योग इकाइयां स्थापित हुईं और 2.79 लाख से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिला। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य युवाओं, महिलाओं और ग्रामीण उद्यमियों को नौकरी तलाशने के बजाय स्वरोजगार और उद्यमिता से जोड़ना है।

भोजपुरी गीतों में हथियारों और जातीय दबदबे का महिमामंडन करने वालों पर पुलिस की कार्रवाई, 45 के खिलाफ एफआईआर Read More भोजपुरी गीतों में हथियारों और जातीय दबदबे का महिमामंडन करने वालों पर पुलिस की कार्रवाई, 45 के खिलाफ एफआईआर

115 प्रदर्शनियों में 161.54 करोड़ रुपये की बिक्री

सीएम योगी के हाथों टैबलेट पाकर खिले विद्यार्थियों के चेहरे Read More सीएम योगी के हाथों टैबलेट पाकर खिले विद्यार्थियों के चेहरे

राकेश सचान ने बताया कि प्रदेश के सभी 18 मंडलों में आयोजित 115 प्रदर्शनियों के माध्यम से खादी एवं ग्रामोद्योग उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराया गया। इन प्रदर्शनियों में लगाए गए 27,508 स्टॉलों से उद्यमियों ने 161.54 करोड़ रुपये से अधिक की बिक्री की। सरकार का प्रयास है कि गांवों में तैयार उत्पादों को स्थानीय बाजार तक सीमित न रखकर प्रदेश और देश के व्यापक बाजारों तक पहुंचाया जाए।

खादी वस्त्रों पर 30 प्रतिशत छूट

मंत्री ने बताया कि गांधी जयंती यानी दो अक्टूबर से खादी वस्त्रों और परिधानों की खरीद पर 30 प्रतिशत की विशेष छूट दी जा रही है। उन्होंने लोगों से विवाह और अन्य मांगलिक अवसरों पर भी खादी के वस्त्र अपनाने की अपील की। कहा कि खादी की खरीद से स्थानीय बुनकरों और कारीगरों को प्रोत्साहन मिलता है। विभिन्न शहरों में नए खादी बिक्री केंद्र भी स्थापित किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने उपस्थित लोगों को पांच संकल्प दिलाए। इनमें खादी को जन-जन तक पहुंचाना, ग्रामोद्योग उत्पादों को प्रोत्साहित करना, स्थानीय कारीगरों को उचित बाजार उपलब्ध कराना, युवाओं और महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ना तथा स्वदेशी अपनाकर आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान देना शामिल है। उन्होंने प्रदेशवासियों से छह दिसंबर तक चलने वाले महोत्सव में पहुंचकर कम से कम एक खादी वस्त्र खरीदने की अपील की।

उद्घाटन समारोह में खादी एवं ग्रामोद्योग विभाग के प्रमुख सचिव अनिल कुमार सागर तथा उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड के मुख्य कार्यपालक अधिकारी शिशिर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें