सुधांशु त्रिवेदी के संबोधन से गूंजा हिंदू आध्यात्मिक एवं सेवा मेला, हनुमान चालीसा और भजनों में डूबे श्रद्धालु

बृजेन्द्र स्वरूप पार्क में आयोजित पांच दिवसीय हिंदू आध्यात्मिक एवं सेवा मेला-2026 के तीसरे दिन शनिवार को श्रद्धा, भक्ति और सांस्कृतिक उल्लास का संगम देखने को मिला। सुबह से देर शाम तक चले विभिन्न कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में लोगों ने सहभागिता की

Abhinav Shukla Picture
Published On

कानपुर। बृजेन्द्र स्वरूप पार्क में आयोजित पांच दिवसीय हिंदू आध्यात्मिक एवं सेवा मेला-2026 के तीसरे दिन शनिवार को श्रद्धा, भक्ति और सांस्कृतिक उल्लास का संगम देखने को मिला। सुबह से देर शाम तक चले विभिन्न कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में लोगों ने सहभागिता की। मुख्य वक्ता डॉ. सुधांशु त्रिवेदी के संबोधन से लेकर गंगा आरती, सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ और भक्ति संगीत तक पूरा मेला परिसर आध्यात्मिक रंग में सराबोर नजर आया।
 
कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह आचार्य वंदन के साथ हुआ। मुख्य वक्ता डॉ. सुधांशु त्रिवेदी ने भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक परंपराओं और आचार्य परंपरा के महत्व पर विचार रखते हुए सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और उसके मूल्यों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने पर जोर दिया। इसके बाद 'सेवा से समाज परिवर्तन' विषय पर संगोष्ठी आयोजित हुई। इसमें वक्ताओं ने समाज के प्रति नागरिकों के दायित्व, जरूरतमंदों की सहायता और सामाजिक उत्थान में सेवा भावना की भूमिका पर विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने कहा कि समाज में सकारात्मक बदलाव के लिए प्रत्येक व्यक्ति की सहभागिता आवश्यक है।
 
दोपहर बाद विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। देश की सांस्कृतिक विरासत, भारतीय परंपराओं और संस्कारों पर आधारित प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। विद्यार्थियों की प्रतिभा और उत्साह ने कार्यक्रम में विशेष आकर्षण पैदा किया। शाम को मां गंगा की आरती का आयोजन हुआ। दीपों की रोशनी और भक्ति भाव के बीच श्रद्धालुओं ने आरती में सहभागिता की। वहीं देर शाम आयोजित भक्ति संध्या में 'हनुमान अंश' फिल्म के कलाकारों ने फिल्म निर्माण से जुड़े अपने अनुभव साझा किए। इसके बाद सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया।
 
भक्ति संध्या का प्रमुख आकर्षण प्रसिद्ध गायिका अनन्या सिंह की टीम की संगीतमय प्रस्तुति रही। भजनों की मधुर धुनों पर श्रद्धालु भक्तिरस में डूबे नजर आए। पूरे परिसर में देर शाम तक भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा। आयोजन में प्रकाश वीर आर्य, सुरेन्द्र गेरा, सन्तोष आर्य, सुभाष आर्य, धर्मेंद्र शर्मा और सुखदेव प्रसाद मिश्र सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।
 
आयोजकों के अनुसार, हिंदू आध्यात्मिक एवं सेवा मेला 30 नवंबर तक चलेगा। मेले के माध्यम से धार्मिक और आध्यात्मिक चेतना के साथ भारतीय संस्कृति, सामाजिक सेवा, संस्कार एवं आपसी एकजुटता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें