फीचर्ड
राजनीति
भारत
अंतरराष्ट्रीय बाल विवाह उन्मूलन दिवस पर बाल विवाह मुक्त भारत के लिए एकमा के विद्यालयों में दिलाई गई शपथ
निर्धारित कानूनी उम्र पूरी होने के बाद ही विवाह करने की अपील
एकमा (सारण)। अंतरराष्ट्रीय बाल विवाह उन्मूलन दिवस के अवसर पर शुक्रवार को नारायणी सेवा संस्थान की ओर से एकमा प्रखंड के विभिन्न मध्य, माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयों में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत छात्र-छात्राओं को शपथ दिलाई गई।
इसी क्रम में गौसपुर स्थित उत्क्रमित मध्य एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयों में आयोजित कार्यक्रम में संस्थान के प्रतिनिधि विकास मिश्रा ने बाल विवाह के दुष्परिणामों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि बाल विवाह गैरकानूनी होने के साथ-साथ एक गंभीर सामाजिक बुराई भी है। कम उम्र में बच्चों का शारीरिक एवं मानसिक विकास पूरी तरह नहीं हो पाता है। ऐसे में विवाह के बाद परिवार की जिम्मेदारियां बढ़ जाती हैं, जिनके लिए वे तैयार नहीं होते हैं।
उन्होंने बताया कि कम उम्र में गर्भधारण करने से मां और बच्चे दोनों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। इससे बच्चों में कुपोषण की समस्या उत्पन्न होने की आशंका रहती है। वहीं, परिवार पर आर्थिक संकट भी बढ़ सकता है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के खिलाफ जागरूक रहने तथा निर्धारित कानूनी उम्र पूरी होने के बाद ही विवाह करने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों को बाल विवाह के उन्मूलन में सहयोग करने तथा अपने आसपास इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए जागरूकता फैलाने की शपथ दिलाई गई।इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक मंजीत कुमार तिवारी, एचएम मोहम्मद तौकीर अंसारी, नारायणी सेवा संस्थान के प्रतिनिधि विकास मिश्रा, प्रवीण सिंह, शिक्षक ओमप्रकाश सिंह, कमल कुमार सिंह, मनीष मनोरंजन, अंजू कुमारी, छविनाथ मांझी, युगेंद्र कुमार, दिग्विजय कुमार गुप्ता, राज मोहम्मद अंसारी, रंजन कुमार सहित अन्य शिक्षक व अभिभावक उपस्थित थे।


Comments