सेमरी हत्याकांड का वांछित आरोपी गिरफ्तार, घटना में प्रयुक्त पत्थर बरामद
विंध्याचल पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी को दबोचा, न्यायालय के माध्यम से भेजा गया जेल
मीरजापुर।
मीरजापुर। विंध्याचल थाना क्षेत्र के सेमरी गांव में हुई हत्या के मामले में पुलिस ने वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त पत्थर भी बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान आर्यमान उर्फ अवधनारायण उर्फ बालकदास (36) पुत्र केवला प्रसाद निवासी दुबहा, थाना जिगना, जनपद मीरजापुर के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, 11 नवंबर 2026 को सेमरी निवासी राजकुमार पुत्र गेनालाल ने अपने पिता की हत्या के संबंध में नामजद आरोपी के विरुद्ध विंध्याचल थाने में लिखित तहरीर दी थी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 315/2026 के तहत धारा 103(1) बीएनएस में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने अपर पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में 13 नवंबर को उप निरीक्षक अजय कुमार मिश्रा और उप निरीक्षक चंद्रभान सिंह की टीम ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह, उप निरीक्षक अजय कुमार मिश्रा, उप निरीक्षक चंद्रभान सिंह सहित विंध्याचल थाने की पुलिस टीम शामिल रही।


Comments