दो पक्षों के बीच हुई हिंसक मारपीट में घायल हुए युवक की इलाज के दौरान मौत
मीरजापुर।
मीरजापुर लालगंज थाना क्षेत्र के लहंगपुर में सरकारी शराब की दुकान के पास गुरुवार देर शाम दो पक्षों के बीच हुई हिंसक मारपीट में घायल हुए युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान बामी गांव निवासी 36 वर्षीय संजय के रूप में हुई है, जिन्होंने वाराणसी स्थित ट्रामा सेंटर में अंतिम सांस ली। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो संदिग्धों को हिरासत में ले लिया है।
गुरुवार देर शाम लहंगपुर स्थित सरकारी देसी शराब की दुकान के पास किसी बात को लेकर दो पक्षों में कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गई। इस मारपीट में बामी गांव निवासी संजय गंभीर रूप से घायल हो गए। स्वजन और स्थानीय लोग उन्हें तत्काल अस्पताल ले गए, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें रात में वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। वहां इलाज के दौरान शुक्रवार की सुबह छः बजे संजय की मृत्यु हो गई।
संजय अपनी पत्नी और बच्चों के साथ मुंबई में रहकर एक प्राइवेट नौकरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। वह दीपावली का त्योहार मनाने के लिए अकेले ही अपने पैतृक गांव बामी आए हुए थे। संजय महज एक-दो दिन के भीतर वापस मुंबई लौटने वाले थे, लेकिन उससे पहले ही यह दर्दनाक हादसा हो गया। परिजनों का कहना है कि गुरुवार को दोपहर में हुई हल्का कहासुनी खुनी संघर्ष में बदल जाएगा ऐसा नहीं पता था।
Read More राष्ट्रीय स्तर पर तृतीय और यूपी में प्रथम स्थान हासिल करने पर डॉ. आंबेडकर सेवा समिति ने जताया हर्ष
संजय की आकस्मिक मौत से पूरे परिवार में कोहराम मच गया है। उनके निधन से उनके चार मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया हमेशा के लिए उठ गया है।सूचना मिलने पर लहंगपुर चौकी प्रभारी गुरु प्रसाद सिंह के साथ लालगंज थाने के प्रभारी निरीक्षक वेद प्रकाश पाण्डेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू की।
उधर वाराणसी ट्रामा सेंटर से शव को पोस्टमार्टम के लिए पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है।इस मामले में प्रभारी निरीक्षक वेद प्रकाश पाण्डेय ने बताया कि हत्या के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और उनसे पूछताछ जारी है। हालांकि यहां पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।


Comments