छठ पूजा को लेकर बेलन बरौधा में तैयारियां तेज, साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने की उठी मांग
ग्रामीणों ने अधिकारियों को कराया अवगत, सचिव ने बेहतर व्यवस्था का दिया भरोसा
मीरजापुर।
मीरजापुर। हलिया विकासखंड के ग्राम पंचायत बेलन बरौधा में छठ पूजा को लेकर तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो गई हैं। पर्व को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। छठ पूजा के मद्देनजर घाटों, सीढ़ियों और आसपास के सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई को लेकर ग्रामीणों ने विशेष ध्यान देने की मांग उठाई है। इसी क्रम में भारतीय जनता पार्टी के अनुसूचित मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष डॉ. महानारायण भारती ने
अधिकारियों को अवगत कराते हुए छठ पूजा से पहले घाटों और सीढ़ियों की समुचित साफ-सफाई कराने तथा सफाई कर्मचारियों की नियमित तैनाती सुनिश्चित करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि छठ पूजा आस्था और स्वच्छता से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए घाटों पर पहुंचते हैं। ऐसे में घाटों पर गंदगी, कूड़ा-कचरा और अव्यवस्था श्रद्धालुओं के लिए परेशानी का कारण बन सकती है।
इसलिए समय रहते साफ-सफाई, सीढ़ियों की धुलाई तथा आसपास के रास्तों को व्यवस्थित कराया जाना आवश्यक है।
ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंचे ग्राम पंचायत सचिव आशीष यादव ने लोगों को आश्वस्त करते हुए कहा कि छठ पूजा के मद्देनजर साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाएगी। घाटों और सीढ़ियों की सफाई के साथ ही आसपास के क्षेत्रों को भी स्वच्छ रखने का प्रयास किया जाएगा,
ताकि पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
सचिव ने ग्रामीणों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा कि पर्व को सफल और व्यवस्थित बनाने के लिए सभी लोग अपनी जिम्मेदारी निभाएं। आवश्यकता के अनुसार निजी श्रमिकों और सफाई कर्मचारियों को लगाकर साफ-सफाई का कार्य कराया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि छठ पूजा के अवसर पर स्वच्छता और व्यवस्था को लेकर किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होने दी जाएगी।
ग्रामीणों का कहना है कि छठ पूजा से पहले घाटों और सीढ़ियों की समुचित सफाई होने से श्रद्धालुओं को काफी सहूलियत मिलेगी। अब ग्रामीणों को प्रशासन और ग्राम पंचायत की ओर से किए जाने वाले साफ-सफाई के कार्य का इंतजार है।


Comments