धनतेरस और दीपावली पर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के निर्देश, एडीजी ने की समीक्षा

Abhinav Shukla Picture
Published On

कानपुर। आगामी धनतेरस एवं दीपावली पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए अपर पुलिस महानिदेशक, कानपुर जोन श्रीमती अनुपम कुलश्रेष्ठ ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कानपुर परिक्षेत्र के समस्त राजपत्रित अधिकारियों एवं प्रभारी निरीक्षकों तथा थानाध्यक्षों के साथ समीक्षा गोष्ठी की। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था सहित विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
 
एडीजी ने निर्देशित किया कि त्योहारों के दौरान बाजारों, प्रमुख चौराहों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में प्रभावी पुलिस प्रबंधन सुनिश्चित किया जाए। संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरती जाए तथा अग्नि सुरक्षा और आपातकालीन व्यवस्थाओं को मजबूत रखा जाए। उन्होंने सोशल मीडिया पर लगातार निगरानी रखने और भ्रामक अथवा भड़काऊ सूचनाओं के प्रसार पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।
 
समीक्षा बैठक में साइबर अपराधों की रोकथाम, महिला सुरक्षा और मिशन शक्ति अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया गया। इसके साथ ही लंबित विवेचनाओं का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण करने तथा वांछित और पुरस्कार घोषित अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने को कहा गया।
 
एडीजी अनुपम कुलश्रेष्ठ ने अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहने, सुरक्षा व्यवस्था का नियमित पर्यवेक्षण करने और आमजन के साथ बेहतर संवाद एवं समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क और तत्पर रहे, ताकि त्योहारों के दौरान आम नागरिकों को सुरक्षित माहौल मिल सके। समीक्षा गोष्ठी में पुलिस उपमहानिरीक्षक कानपुर परिक्षेत्र यमुना प्रसाद भी उपस्थित रहे।

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें