विद्यालयों की प्रार्थना सभाओं के लिए 13 प्रेरणादायी गीतों का वीडियो संकलन तैयार
अपर मुख्य सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा ने किया विमोचन, सरकारी और निजी विद्यालयों में निःशुल्क होगा उपयोग
सम्पर्क सूत्र- धर्मवीर खरे
लखनऊ। प्रदेश के विद्यालयों में प्रार्थना सभाओं को अधिक प्रभावशाली और संस्कारपरक बनाने के लिए राज्य शैक्षिक तकनीकी संस्थान (एसआईईटी) ने 13 प्रेरणादायी प्रार्थना गीतों का वीडियो संकलन तैयार किया है। बुधवार को लखनऊ के निशातगंज स्थित एसआईईटी प्रेक्षागृह में अपर मुख्य सचिव, बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा पार्थ सारथी सेन शर्मा ने इसका विमोचन किया। संकलन का निर्माण संस्थान के निदेशक डॉ. मुकेश चंद्र अग्रवाल के निर्देशन में किया गया है।
-(1).jpeg)
अपर मुख्य सचिव ने बताया कि इन गीतों का उपयोग राजकीय, परिषदीय, सहायता प्राप्त और निजी विद्यालय अपनी दैनिक प्रार्थना सभाओं में निःशुल्क कर सकेंगे। हालांकि, इनके व्यावसायिक उपयोग पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। उन्होंने कहा कि प्रार्थना सभा विद्यार्थियों में अनुशासन, संवेदनशीलता, सकारात्मक सोच, नैतिक मूल्यों, सामाजिक समरसता और राष्ट्रप्रेम की भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
दो से चार मिनट के हैं वीडियो
Read More छठ और दीपावली पर यात्रियों को राहत: छपरा से चलने वाली विशेष ट्रेनों में कई तारीखों पर सीटें उपलब्धसंकलन में ‘हम होंगे कामयाब’, ‘इतनी शक्ति हमें देना दाता’, ‘हमको मन की शक्ति देना’, ‘ऐ मालिक तेरे बंदे हम’, ‘तुम ही हो माता-पिता तुम ही हो’, ‘आओ बच्चों तुम्हें दिखाएं झांकी हिंदुस्तान की’, ‘नेकी की राह पे चल’ और ‘ज्योति से ज्योति जगाते चलो’ सहित 13 प्रार्थना गीत शामिल हैं। प्रत्येक वीडियो की अवधि दो से चार मिनट रखी गई है। इन्हें आकर्षक दृश्यांकन, एनीमेशन और उच्च गुणवत्ता वाली ऑडियो रिकॉर्डिंग के साथ तैयार किया गया है, ताकि स्मार्ट क्लास और डिजिटल स्क्रीन वाले विद्यालयों में इनका प्रभावी उपयोग हो सके।
विद्यार्थियों और शिक्षकों ने दी आवाज
इन गीतों के गायन में प्रदेश के सरकारी विद्यालयों के छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने योगदान दिया है। एसआईईटी की तकनीकी टीम ने बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के समन्वय से वीडियो तैयार किए हैं। इन्हें शिक्षा विभाग के आधिकारिक ऑनलाइन पोर्टल, यूट्यूब, व्हाट्सएप और अन्य डिजिटल माध्यमों से विद्यालयों तक पहुंचाया जाएगा।
कार्यक्रम में एसआईईटी निदेशक डॉ. मुकेश चंद्र अग्रवाल ने संस्थान की आगामी शैक्षिक पहलों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शैक्षिक मीडिया पहल 2026-27 के तहत पीएम ई-विद्या डीटीएच चैनलों के लिए कक्षा-वार वीडियो तैयार किए जा रहे हैं। कक्षा नौ से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए विज्ञान और गणित की जटिल अवधारणाओं को सरल बनाने वाले लघु वीडियो भी बनाए जा रहे हैं। इसके अलावा उत्कृष्ट शिक्षकों के नवाचारों पर पॉडकास्ट तथा विद्यार्थियों के करियर मार्गदर्शन, कौशल विकास, समय प्रबंधन और परीक्षा तनाव से निपटने के लिए डिजिटल सामग्री तैयार की जा रही है।
समारोह में बेसिक शिक्षा निदेशक अनिल भूषण चतुर्वेदी, समग्र शिक्षा के संयुक्त निदेशक डॉ. पवन सचान, संयुक्त शिक्षा निदेशक (लखनऊ मंडल) प्रदीप कुमार सिंह, एससीईआरटी की संयुक्त निदेशक विभा मिश्र, गुणवत्ता विशेषज्ञ आनंद पाण्डेय, एसआईईटी के प्रशासनिक अधिकारी अजित कुमार सिंह सहित विभागीय अधिकारी, शिक्षक और तकनीकी विशेषज्ञ उपस्थित रहे।


Comments