रामायण के रंगों से सजेगी अयोध्या, दीपोत्सव पर बनेंगे 13 थीमेटिक प्रवेश द्वार
रामनगरी में 20 सेल्फी प्वाइंट भी होंगे आकर्षण का केंद्र, रामायण के प्रसंगों और चौपाइयों के जरिए दिखेगी त्रेतायुग की झलक
अयोध्या। दसवें दीपोत्सव को यादगार बनाने के लिए रामनगरी को रामायण की थीम पर सजाया जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में आयोजित होने वाले इस भव्य आयोजन के लिए शहर में 3डी थीमेटिक प्रवेश द्वार और सेल्फी प्वाइंट तैयार किए जा रहे हैं। इनके माध्यम से श्रद्धालुओं को रामायण के प्रमुख प्रसंगों, भगवान श्रीराम के जीवन आदर्शों और अयोध्या की सांस्कृतिक विरासत से रूबरू कराया जाएगा। दीपोत्सव में आने वाले श्रद्धालु इन आकर्षक स्थलों पर तस्वीरें लेकर आयोजन की यादें भी संजो सकेंगे।
आयोजन से जुड़ी मोक्ष एडवर्टाइजिंग एंड इवेंट्स मैनेजमेंट कंपनी के प्रतिनिधि के अनुसार, दीपोत्सव के लिए कुल 13 थीमेटिक प्रवेश द्वार बनाए जा रहे हैं। इनमें तीन हाईवे से आने वाले मार्गों पर और 10 राम की पैड़ी पर स्थापित किए जाएंगे। इन प्रवेश द्वारों पर रामायण की चौपाइयां अंकित होंगी। इसके अलावा 20 सेल्फी प्वाइंट तैयार किए जा रहे हैं। इनमें 10 रामकथा मार्ग पर और शेष 10 लता मंगेशकर चौक से राम की पैड़ी तक लगाए जाएंगे।
रामायण के प्रसंगों से सजी होंगी कलाकृतियां
सेल्फी प्वाइंटों को रामायण के प्रमुख प्रसंगों पर आधारित किया जा रहा है। इनमें महर्षि वाल्मीकि आश्रम, श्रीराम का धनुष भंग, श्रीराम-सीता विवाह, शबरी की भक्ति, श्रीराम-भरत मिलाप, जटायु प्रसंग और श्रीराम-निषादराज मिलन जैसे दृश्य शामिल हैं। लता मंगेशकर चौक से राम की पैड़ी तक बनाए जा रहे सेल्फी प्वाइंट रामायण के सातों कांडों की थीम पर आधारित होंगे।
इन संरचनाओं को धनुष के आकार में तैयार किया जा रहा है, जो भगवान श्रीराम के प्रतीक और अयोध्या की सांस्कृतिक पहचान को दर्शाएगा। विभिन्न कलाकृतियों में सुमेरु पर्वत लेकर उड़ते हनुमान, अशोक वाटिका में माता सीता से भेंट, लंका दहन, रावण वध, केवट मिलन और श्रीराम द्वारा रावण पर बाण चलाने जैसे प्रसंगों को भी दर्शाया जाएगा। इसके साथ ही जटायु से संवाद, हनुमान द्वारा श्रीराम-लक्ष्मण को कंधे पर लेकर उड़ने और माता सीता की अग्नि परीक्षा से जुड़े दृश्य भी आकर्षण का केंद्र होंगे।
डिजिटल आकर्षण के साथ दिखेगी पारंपरिक भक्ति
दीपोत्सव के लिए तैयार किए जा रहे ये थीमेटिक इंस्टॉलेशन आधुनिक प्रस्तुति और पारंपरिक धार्मिक आस्था का संगम होंगे। 3डी प्रवेश द्वार, आकर्षक कलाकृतियां और रामायण के प्रसंगों पर आधारित सेल्फी प्वाइंट श्रद्धालुओं को अलग अनुभव देंगे। इनके जरिए रामकथा को दृश्य माध्यम से प्रस्तुत करने के साथ नई पीढ़ी को भी भगवान श्रीराम के जीवन और आदर्शों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। दीपों की जगमगाहट के बीच रामायण की झलक पेश करती ये सजावट दसवें दीपोत्सव में रामनगरी की सुंदरता को नया स्वरूप देगी।


Comments