मां ने ही घोंटा 11 साल के बेटे का गला, हत्या का आरोप
रामलीला देखकर लौटा था मासूम,चश्मदीद बहन ने रोते हुए खोला राज
स्वतंत्र प्रभात।
ब्यूरो प्रयागराज
बहरिया थाना क्षेत्र के मंसूरपुर गांव में 11 वर्षीय बच्चे की संदिग्ध मौत के मामले में उसकी मां ही आरोपी निकली। आरोप है कि महिला ने कपड़े के लेस से अपने बेटे का गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद उसने बच्चे की मौत को बीमारी बताकर छिपाने की कोशिश की। हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मृतक की बड़ी बहन के बयान से मामले का खुलासा हो गया। पुलिस ने पिता की तहरीर पर आरोपी मां के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है।
मंसूरपुर गांव निवासी पूर्णमासी लाल मौर्य 29 अक्टूबर को करेली क्षेत्र में मजदूरी करने गए थे। इसी दौरान उनके भतीजे महेंद्र ने फोन कर बेटे रामसुख की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने की सूचना दी। खबर मिलते ही वह आनन-फानन में घर पहुंचे। वहां बेटे का शव दरवाजे पर रखा हुआ था।
पूर्णमासी के मुताबिक, पत्नी सोना देवी ने उन्हें बताया कि रामसुख 28 अक्टूबर की रात सराय सुल्तान में रामलीला देखने गया था। वहां से रात करीब 11 बजे घर लौटा और पेट दर्द की शिकायत करते हुए सो गया। इसके बाद उसकी मौत हो गई।
पत्नी की बात सुनने के बाद जब पिता ने बेटे के शव को गौर से देखा तो उसके गले पर गहरे निशान दिखाई दिए। इससे उन्हें अनहोनी की आशंका हुई और उन्होंने पुलिस को सूचना देकर पोस्टमार्टम कराने की मांग की।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोंटकर हत्या की पुष्टि।
बच्चे की पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद मौत की असल वजह स्पष्ट हुई। रिपोर्ट में दम घुटने से मौत होने की पुष्टि हुई। चिकित्सकों के मुताबिक, किसी पतली रस्सी या कपड़े के लेस से गला कसने के कारण रामसुख की जान गई थी। इसके बाद मामला हत्या का होने की आशंका और गहरा गई।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद भी पुलिस और परिवार के सामने यह सवाल था कि मासूम की हत्या किसने की। इसी बीच 30 अक्टूबर को पिता ने अपनी बड़ी बेटी संगीता को लगातार रोते हुए देखा। उन्होंने उसे समझाया और रोने की वजह पूछी तो उसने पूरी घटना बता दी।अमृत प्रभात हिंदी दैनिक
संगीता ने पिता को बताया कि 28 अक्टूबर की रात उसने अपनी मां सोना देवी को कपड़े के लेस से भाई रामसुख का गला घोंटते हुए अपनी आंखों से देखा था। आरोप है कि रामसुख जब जान बचाने के लिए छटपटा रहा था, तब मां ने उसकी पीठ पर भी कई बार जोर से वार किए।
मां ने बेटी को भी दी थी जान से मारने की धमकी।
बहन संगीता के मुताबिक, उसकी मां रामसुख से परेशान रहती थी। वह अक्सर कहती थी कि बेटा उसे गाली देता है और मारपीट करता है। इसी बात से नाराज होकर उसने वारदात को अंजाम दिया।
आरोप है कि बेटे की हत्या करने के बाद सोना देवी ने बेटी संगीता को धमकाया था कि यदि उसने किसी को घटना के बारे में बताया तो उसे भी जान से मार देगी। इसी डर के चलते संगीता कई दिनों तक चुप रही और सहमी हुई थी। आखिरकार उसने रोते हुए पिता के सामने पूरी सच्चाई बयां कर दी।
पिता की तहरीर पर हत्या की FIR।
पूर्णमासी लाल मौर्य ने पुलिस को दी गई तहरीर में पत्नी सोना देवी पर बेटे की हत्या करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि बेटी संगीता इस घटना की चश्मदीद है और उसकी बात पर उन्हें पूरा विश्वास है।
बहरिया थाना पुलिस ने तहरीर के आधार पर सोना देवी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है। थानाध्यक्ष मानवेंद्र सिंह के मुताबिक, मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। आरोपी महिला से पूछताछ की जा रही है और पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
prayagraj police swatantra prabhat uttar pradesh police prayagraj crime news uttar pradesh crime news prayagraj latest news police investigation Witness Statement Sona Devi Postmortem Report crime news india breaking crime news Child Murder Investigation Family Crime Bahariya Police Bahariya News Mansoorpur Murder Case 11 Year Old Child Murder Mother Arrested Son Murder Case Ramsukh Murder Case Strangulation Case Murder FIR Father Files Complaint Minor Child Death


Comments