फीचर्ड
राजनीति
भारत
सोमवार से टैगोरनगर मैदान में सजेगा तीन दिवसीय पशुपालन मेला
मंत्री सौरभ बहुगुणा करेंगे शुभारंभ पशुपालकों को मिलेगी आधुनिक तकनीक और उन्नत पशुपालन की जानकारी,n राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने वाले दुग्ध उत्पादकों के बच्चों का होगा सम्मान
शक्तिफार्म। आंचल की ओर से आयोजित तीन दिवसीय पशुपालन चिंतन गोष्ठी एवं मेले का शुभारंभ सोमवार से टैगोरनगर मैदान में होगा। मेले में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। मेले को लेकर आंचल दुग्ध संघ की ओर से सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। तीन दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में पशुपालकों को आधुनिक पशुपालन की तकनीकों से रूबरू कराने के साथ ही उन्हें विशेषज्ञों के माध्यम से नई जानकारियां दी जाएंगी। इसके अलावा पशुपालन और दुग्ध उत्पादन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित भी किया जाएगा।
रविवार को दुग्ध संघ अध्यक्ष प्रभा रावत, प्रधान प्रबंधक राजेश मेहता सहित विभागीय अधिकारियों ने टैगोरनगर मैदान पहुंचकर मेले की तैयारियों का जायजा लिया। अधिकारियों ने आयोजन स्थल पर व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मेले में आने वाले पशुपालकों, अतिथियों और दर्शकों की सुविधा के लिए विभिन्न व्यवस्थाएं की गई हैं। आयोजन स्थल पर अलग-अलग विभागों और संस्थानों की ओर से स्टॉल भी लगाए जाएंगे, जिनके माध्यम से पशुपालन, दुग्ध उत्पादन और पशुओं की देखभाल से संबंधित जानकारियां उपलब्ध कराई जाएंगी।
मेले के पहले दिन सोमवार को स्कूली बच्चों की ओर से रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। इसके साथ ही विशेषज्ञ डॉ. असवाल पशुपालकों को आईवीएफ तकनीक की विस्तार से जानकारी देंगे। इस तकनीक के माध्यम से पशुओं की नस्ल सुधार और बेहतर प्रजनन व्यवस्था से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी जाएंगी। वहीं पंतनगर विश्वविद्यालय के पशु वैज्ञानिक उन्नत एवं आधुनिक पशुपालन विषय पर व्याख्यान देंगे। वैज्ञानिक पशुओं के बेहतर रखरखाव, नस्ल सुधार, दुग्ध उत्पादन बढ़ाने और आधुनिक तकनीकों को अपनाने के संबंध में पशुपालकों को जागरूक करेंगे।
कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा का स्वागत किया जाएगा। इसके बाद उनका संबोधन होगा। इस अवसर पर जिले की 10 दुग्ध समितियों को बोनस वितरित किया जाएगा। दुग्ध उत्पादन के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर मेडल हासिल करने वाले दुग्ध उत्पादकों के बच्चों को भी सम्मानित किया जाएगा। आयोजन के माध्यम से दुग्ध उत्पादकों और पशुपालन से जुड़े परिवारों का उत्साहवर्धन करने का प्रयास किया जाएगा।
तीन दिवसीय मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगे। पहले दिन इंडियन आइडल के उपविजेता कोलकाता के प्रांजल विश्वास अपनी प्रस्तुतियां देंगे। दूसरे दिन पंजाबी गायक हैरी धनोआ अपनी गायकी से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे, जबकि तीसरे दिन उत्तराखंड की प्रसिद्ध लोकगायिका माया उपाध्याय लोकगीतों की प्रस्तुति देंगी। आयोजकों को उम्मीद है कि सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में लोग पहुंचेंगे।
मेले में पशुपालन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पशु प्रदर्शनी भी आयोजित की जाएगी। इसमें विभिन्न नस्लों की गाय और भैंसों को प्रदर्शित किया जाएगा। प्रदर्शनी में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली चैंपियन भैंस और गाय के पशुपालकों को सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा विभिन्न स्टॉलों के माध्यम से पशुपालकों को पशुओं के आहार, स्वास्थ्य, नस्ल सुधार और दुग्ध उत्पादन से जुड़ी उपयोगी जानकारियां मिलेंगी।
दुग्ध संघ अध्यक्ष प्रभा रावत ने बताया कि पशुपालन चिंतन गोष्ठी एवं मेले का उद्देश्य पशुपालकों को आधुनिक तकनीकों से जोड़ना, दुग्ध उत्पादन को प्रोत्साहित करना और पशुपालन के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने वालों को सम्मान देना है। उन्होंने बताया कि मेले का संचालन प्रतिदिन सुबह 10 बजे से रात 10 बजे तक किया जाएगा। उन्होंने क्षेत्र के पशुपालकों, दुग्ध उत्पादकों और आम लोगों से अधिक से अधिक संख्या में मेले में पहुंचकर कार्यक्रमों का लाभ उठाने की अपील की।
swatantra prabhat uttarakhand news Milk Production Dairy Farmers Dairy Farming Livestock Development Shaktifarm News Saurabh Bahuguna Animal Husbandry Fair Animal Husbandry Conference Aanchal Dairy Prabha Rawat Tagore Nagar Ground Modern Animal Husbandry IVF Technology in Animals Animal Breed Improvement Pantnagar University Veterinary Science Dairy Cooperative Societies Dairy Farmers Awards Buffalo Exhibition Cow Exhibition Pranjal Biswas Harry Dhanoa Maya Upadhyay


Comments