भूमि विवाद में चाचा पर फायर झोंकने का आरोप, गांव में मचा हड़कंप
भतीजे पर गोली चलाने का आरोप, हाथ में चोट लगने पर अस्पताल पहुंचा चाचा भतीजे ने फायरिंग से किया इनकार,
पुलिस बोली- साक्ष्य मिलने पर होगी कार्रवाई
सितारगंज।
कोतवाली क्षेत्र के ड्यूधार गांव में पारिवारिक भूमि को लेकर चाचा और भतीजे के बीच चल रहा विवाद शनिवार सुबह अचानक हिंसक हो गया। जमीन को लेकर दोनों के बीच पहले कहासुनी हुई और फिर विवाद बढ़ने पर मारपीट हो गई। इस दौरान चाचा ने अपने भतीजे पर फायरिंग करने का गंभीर आरोप लगाया है। आरोप है कि भतीजे ने उस पर गोली चला दी, जिससे उसके हाथ में मामूली चोट आई। घटना की सूचना गांव में फैलते ही हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। हालांकि, भतीजे ने फायरिंग करने के आरोपों से इनकार किया है। पुलिस ने अभी तक गोली चलने की घटना की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
जानकारी के अनुसार ड्यूधार गांव निवासी प्रभदीप सिंह पुत्र लखविंदर सिंह और इंद्रजीत सिंह पुत्र निरंजन सिंह आपस में चाचा-भतीजे हैं। बताया जा रहा है कि दोनों परिवारों के बीच पारिवारिक जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। जमीन को लेकर पहले भी दोनों पक्षों के बीच तनातनी बनी रहती थी। इसी विवाद के चलते शनिवार सुबह एक बार फिर दोनों आमने-सामने आ गए।
बताया जाता है कि इंद्रजीत सिंह ठेके पर भूमि लेकर उसमें फसल उगाने का काम करते हैं। शनिवार सुबह वह अपनी ठेके पर ली गई भूमि में फसल की सिंचाई करने के लिए पानी लगाने पहुंचे थे। इसी दौरान पारिवारिक जमीन को लेकर प्रभदीप सिंह और इंद्रजीत सिंह के बीच बातचीत शुरू हुई। देखते ही देखते बातचीत ने विवाद का रूप ले लिया और दोनों के बीच तीखी कहासुनी होने लगी। आरोप है कि विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों के बीच मारपीट हो गई।
इसी दौरान इंद्रजीत सिंह ने आरोप लगाया कि प्रभदीप सिंह ने उस पर फायर झोंक दिया। घटना में उसके हाथ में मामूली चोट लगने की बात सामने आई है। गोली चलने के आरोप के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। घटना की जानकारी मिलने पर आसपास के ग्रामीण भी मौके पर एकत्र हो गए। हालांकि, फायरिंग को लेकर अभी स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
घटना की सूचना मिलने पर सरकड़ा चौकी इंचार्ज दीपक कौशिक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और दोनों पक्षों से घटना के संबंध में जानकारी जुटाई। पुलिस ने घायल इंद्रजीत सिंह को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल भिजवाया, जहां उसका उपचार कराया गया। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि विवाद के दौरान वास्तव में फायरिंग हुई थी या नहीं।
वहीं, दूसरी ओर प्रभदीप सिंह ने फायरिंग करने के आरोपों से इनकार किया है। दोनों पक्षों के बीच जमीन को लेकर पुराना विवाद होने के चलते पुलिस मामले को गंभीरता से ले रही है। पुलिस घटना के समय मौके पर मौजूद लोगों से भी जानकारी जुटा सकती है, ताकि विवाद की वास्तविक स्थिति सामने आ सके।
इस संबंध में वरिष्ठ उप निरीक्षक जावेद मलिक ने बताया कि ड्यूधार गांव में चाचा-भतीजे के बीच भूमि विवाद को लेकर झगड़ा होने की सूचना मिली थी। पुलिस मामले की बारीकी से जांच कर रही है। फिलहाल फायरिंग की घटना की पुष्टि नहीं हुई है। घटनास्थल और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच के साथ दोनों पक्षों के बयान भी देखे जा रहे हैं। जांच में यदि फायरिंग या अन्य किसी आपराधिक घटना के साक्ष्य सामने आते हैं तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
crime news swatantra prabhat uttarakhand news Law and order government hospital police investigation Police Action Crime Investigation Land Dispute Assault Case Property Dispute Violent Clash Shooting Incident Rural Crime Injured Person Sitarganj News Udham Singh Nagar News Firing Allegations Uttarakhand Police Duydhar Village Family Land Dispute Uncle Nephew Dispute Sarkara Police Post Deepak Kaushik Javed Malik


Comments