फीचर्ड
राजनीति
भारत
दिव्यांगजनों के उत्पादों को बाजार दिलाने के लिए सभी मंडलों में लगेंगे दीपावली मेले
लखनऊ मंडल के लिए सात लाख और अन्य मंडलों के लिए तीन-तीन लाख रुपये की धनराशि निर्धारित
लखनऊ। दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने और उनके हुनर को बाजार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश के सभी मंडलों में दीपावली मेले आयोजित करने की तैयारी की जा रही है। इन मेलों में दिव्यांगजनों द्वारा तैयार उत्पादों का प्रदर्शन किया जाएगा और उनकी बिक्री के लिए मंच उपलब्ध कराया जाएगा।
दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग, उत्तर प्रदेश शासन की ओर से इस पहल को आगे बढ़ाया जा रहा है। विभाग के प्रमुख सचिव राजेश कुमार सिंह की अध्यक्षता में पिछले माह हुई बैठक में मिले प्रस्तावों पर विचार के बाद प्रदेश के प्रत्येक मंडल मुख्यालय पर दीपावली मेले आयोजित कराने का निर्णय लिया गया था।
योजना के तहत लखनऊ मंडल को छोड़कर प्रदेश के अन्य सभी मंडल मुख्यालयों में मेले के आयोजन के लिए तीन-तीन लाख रुपये की धनराशि निर्धारित की गई है। वहीं, लखनऊ मंडल में आयोजन के लिए सात लाख रुपये का प्रावधान किया गया है।
विभाग ने सभी मंडलों के उपनिदेशकों और जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारियों को मेले के आयोजन के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही जिन मंडलों और जिलों से अब तक प्रस्ताव प्राप्त नहीं हुए हैं, उनसे प्रस्ताव जल्द उपलब्ध कराने को कहा गया है।
विभाग की इस पहल से दिव्यांगजनों के बनाए उत्पादों को व्यापक बाजार मिलने की उम्मीद है। साथ ही, उनके कौशल और रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहन मिलेगा तथा उत्पादों की बिक्री के माध्यम से उनकी आय बढ़ाने और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने के अवसर भी सृजित होंगे।


Comments