वंदे भारत स्लीपर में 16 कोच, एक साथ 823 यात्री कर सकेंगे सफर: योगी
मुख्यमंत्री ने बताईं ट्रेन की आधुनिक सुविधाएं, वाराणसी-दिल्ली बुलेट ट्रेन की कार्ययोजना को मंजूरी देने पर प्रधानमंत्री का जताया आभार
वाराणसी। वंदे भारत स्लीपर ट्रेन के शुभारंभ के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रेलवे स्टेशन पर पत्रकारों से बातचीत में इसकी विशेषताओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ट्रेन में 16 कोच लगाए गए हैं, जिनमें एक साथ 823 यात्री सफर कर सकेंगे। आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित यह ट्रेन यात्रियों को आरामदायक और सुविधाजनक यात्रा का अनुभव कराएगी।
मुख्यमंत्री ने वाराणसी-दिल्ली बुलेट ट्रेन की कार्ययोजना को मंजूरी देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह परियोजना उत्तर भारत में रेल यात्रा की तस्वीर बदलने वाली साबित होगी और दिल्ली से वाराणसी के बीच सफर का समय काफी कम हो जाएगा।
योगी ने कहा कि वंदे भारत स्लीपर ट्रेन के माध्यम से आध्यात्मिक और सांस्कृतिक नगरी काशी सीधे राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से जुड़ रही है। इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का अभिनंदन किया।
काशी, प्रयागराज और राजातालाब को मिली नई रेल सुविधा
मुख्यमंत्री ने कहा कि काशी और प्रयागराज को जोड़ने के लिए मेमू ट्रेन का संचालन भी शुरू किया गया है। इससे श्रद्धालुओं के साथ-साथ प्रयागराज स्थित उच्च न्यायालय जाने वाले अधिवक्ताओं और वादकारियों को भी सुविधा मिलेगी। वहीं, वाराणसी से राजातालाब के बीच शुरू हुई मेमू सेवा से आम यात्रियों को आवागमन में सहूलियत होगी। उन्होंने कहा कि दीपावली से पहले काशी को मिली ये रेल सुविधाएं क्षेत्र के लोगों के लिए महत्वपूर्ण सौगात हैं।
आधुनिक सुविधाओं से बदल रही भारतीय रेल की तस्वीर
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन और रेल मंत्री के नेतृत्व में भारतीय रेल आधुनिक परिवहन व्यवस्था के रूप में अपनी पहचान मजबूत कर रही है। देश में नमो भारत, वंदे भारत और अमृत भारत जैसी ट्रेनों का संचालन हो रहा है। स्वदेशी रेल कोच के निर्माण की प्रक्रिया भी तेजी से आगे बढ़ रही है।
उन्होंने कहा कि मानवरहित रेलवे क्रॉसिंग पर फ्लाईओवर और अंडरपास जैसी व्यवस्थाएं विकसित कर दुर्घटनाओं की आशंका कम की गई है। रेलवे लाइनों का विद्युतीकरण और ब्रॉडगेज नेटवर्क का विस्तार भी तेजी से हुआ है। अब रेलवे का जोर केवल ट्रेनों के संचालन तक सीमित नहीं है, बल्कि यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने और समय व श्रम की बचत पर भी है।
योगी ने कहा कि ईस्टर्न और वेस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर से मालगाड़ियों के संचालन को नई गति मिली है। इससे यात्री ट्रेनों और मालगाड़ियों के परिचालन में सुविधा बढ़ी है। उन्होंने कहा कि दीपावली और छठ पर्व से पहले शुरू की गईं ये सेवाएं आमजन की यात्रा को अधिक सुगम बनाएंगी।


Comments