स्कॉलर्स वैली स्कूल में युवा संसद का भव्य आयोजन

स्कॉलर्स वैली इंटरनेशनल स्कूल, सितारगंज में युवा संसद 2.0 का भव्य एवं सफल आयोजन किया गया। इस वर्ष कार्यक्रम का मुख्य विषय ‘जवाबदेह भारत’ रखा गया।

Abhinav Shukla Picture
Published On

सितारगंज। स्कॉलर्स वैली इंटरनेशनल स्कूल, सितारगंज में युवा संसद 2.0 का भव्य एवं सफल आयोजन किया गया। इस वर्ष कार्यक्रम का मुख्य विषय ‘जवाबदेह भारत’ रखा गया।
 
इसके माध्यम से विद्यार्थियों ने लोकतांत्रिक मूल्यों, संसदीय कार्यप्रणाली, जिम्मेदार शासन एवं देश के प्रति नागरिकों की जवाबदेही का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
 
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सितारगंज कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक सुंदरम शर्मा उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि के स्वागत एवं उद्घाटन के साथ हुआ। विद्यालय परिवार की ओर से तिलक लगाकर उनका सम्मानपूर्वक अभिनंदन किया गया।
 
इस अवसर पर मुख्य अतिथि सुंदरम शर्मा ने विद्यार्थियों की प्रतिभा, आत्मविश्वास एवं उत्कृष्ट प्रस्तुति की मुक्तकंठ से सराहना की। उन्होंने कहा कि अपने अब तक के सेवाकाल में उन्होंने इस प्रकार का आयोजन पहली बार देखा है। विद्यालय की इस अभिनव पहल की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, तार्किक सोच एवं लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति जागरूकता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
 
उल्लेखनीय है कि स्कॉलर्स वैली इंटरनेशनल स्कूल इससे पूर्व भी सफलतापूर्वक युवा संसद का आयोजन कर चुका है। पूर्व में आयोजित युवा संसद के उत्कृष्ट आयोजन के लिए भारत सरकार के संसदीय कार्य मंत्रालय की ओर से विद्यालय की प्रधानाचार्या कमलजीत कौर को सम्मानित किया गया था। साथ ही प्रतिभागी विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र भी प्रदान किए गए थे। इसी उपलब्धि को आगे बढ़ाते हुए विद्यालय ने इस वर्ष पुनः युवा संसद का आयोजन कर विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान किया।
 
विद्यालय के प्रबंधक पलविंदर सिंह औलख ने कार्यक्रम की सफलता पर सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों को जागरूक, जिम्मेदार एवं कर्तव्यनिष्ठ नागरिक बनाना भी है। युवा संसद जैसे आयोजन इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।
 
विद्यालय की प्रधानाचार्या कमलजीत कौर ने विद्यार्थियों के उत्साह, आत्मविश्वास एवं शानदार प्रदर्शन की प्रशंसा करते हुए उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां विद्यार्थियों को देश की संसदीय व्यवस्था को समझने और अपने विचारों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने का अवसर प्रदान करती हैं।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न संसदीय भूमिकाओं का निर्वहन करते हुए ‘जवाबदेह भारत’ की अवधारणा को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों की नेतृत्व क्षमता, वक्तृत्व कला एवं लोकतांत्रिक समझ देखने को मिली। विद्यालय की इस पहल की उपस्थित अतिथियों ने भी सराहना की।

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें