नैनी थाने से जुड़े मामले में तीन चौकी प्रभारी निलंबित

पुलिस विभाग में मचा हड़कंप!

हर्षिता यादव  Picture
Published On

प्रयागराज।  नैनी थाना क्षेत्र से जुड़े एक मामले में पुलिस विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन चौकी प्रभारियों को निलंबित कर दिया है। इनमें एसआई विक्की गुप्ता, एसआई रामानंद विश्वकर्मा और एसआई नीलेश कुमार शामिल हैं। डीसीपी यमुनानगर विवेक चंद्र यादव ने तीनों के निलंबन की पुष्टि की है। मामले में विभागीय जांच के भी आदेश दिए गए हैं।
 
मिली जानकारी के अनुसार, मध्य प्रदेश के रीवा निवासी विपिन कुमार पाठक और आकाश सिंह को एनडीपीएस एक्ट व आर्म्स एक्ट के तहत गिरफ्तार किया गया था। आरोप है कि गिरफ्तारी के दौरान पुलिस द्वारा बरामदगी और रकम को लेकर सवाल उठे। गिरफ्तारी के समय 6.55 लाख रुपये मिलने की बात सामने आई, जबकि मुकदमे में 87,500 रुपये की बरामदगी दर्ज की गई थी।
 
तीन ऑडियो सामने आने के बाद तेज हुई जांच
 
मामले से जुड़े तीन ऑडियो सामने आने के बाद जांच तेज हुई। इनमें कथित तौर पर गिरफ्तार युवकों, एक अज्ञात बिचौलिए और गांव के एक व्यक्ति के बीच बातचीत होने की बात कही गई। बातचीत में मुकदमे से संबंधित रकम, आरोपियों को राहत दिलाने और समझौते की चर्चा होने का दावा किया गया।
 
कोर्ट ने बरामदगी और असलहों पर उठाए सवाल
 
15 अक्टूबर को अदालत ने पुलिस की रिमांड अर्जी खारिज करते हुए आरोपियों की शिकायतों की जांच कराने का निर्देश दिया था। अदालत में कथित तौर पर बरामद असलहों की स्थिति और तलाशी व बरामदगी की प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए गए।
 
पुलिस ने दोनों युवकों से 40 पुड़िया स्मैक, नकदी, तमंचा, पिस्टल, कारतूस और मोबाइल फोन बरामद होने का दावा किया था। हालांकि, अदालत ने कथित असलहों की स्थिति को लेकर टिप्पणी करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए।
 
दो स्तर पर होगी जांच
 
तीनों चौकी प्रभारियों के निलंबन के बाद अब विभागीय जांच की जाएगी। इसके साथ ही अदालत के निर्देश पर आरोपियों की शिकायतों, बरामदगी के दस्तावेजों और रकम में कथित अंतर की भी जांच की जा रही है। पुलिस कमिश्नर प्रयागराज को जांच कर रिपोर्ट देने के लिए कहा गया था।
 
फिलहाल मामले में जांच जारी है। जांच पूरी होने के बाद ही आरोपों की वास्तविक स्थिति और संबंधित पुलिसकर्मियों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें