राम अनुज धर द्विवेदी को मिली ‘सोन रत्न’ की मानद उपाधि
स्वतंत्रता संग्राम सेनानी मंगल वियार की 77वीं पुण्यतिथि पर आयोजित समारोह में हुआ सम्मान
स्वतंत्र प्रभात संवाददाता
घोरावल /सोनभद्र
स्वतंत्रता संग्राम सेनानी मंगल वियार स्मृति सेवा ट्रस्ट, कुसुम्हां के तत्वावधान में शुक्रवार को मंगल वियार की 77वीं पुण्यतिथि पर सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में तहसील अधिवक्ता समिति घोरावल के पूर्व अध्यक्ष राम अनुज धर द्विवेदी को क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों के लिए ‘सोन रत्न’ की मानद उपाधि से विभूषित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि घोरावल विधायक अनिल कुमार मौर्य तथा विशिष्ट अतिथि किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष सुनील कुमार चौबे रहे। समारोह की शुरुआत मंगल वियार स्मारक पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। वक्ताओं ने स्वतंत्रता संग्राम में मंगल वियार के योगदान और उनके जीवन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं।
ट्रस्ट के अध्यक्ष एवं कार्यक्रम आयोजक मोहन लाल वियार ने विधायक अनिल कुमार मौर्य, राम अनुज धर द्विवेदी और सुनील कुमार चौबे को माल्यार्पण कर अंगवस्त्र, स्मृति चिह्न एवं प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया। वहीं, क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले दो लोगों को मानद उपाधियों से विभूषित किया गया। राम अनुज धर द्विवेदी को ‘सोन रत्न’ की उपाधि विधायक अनिल कुमार मौर्य और ट्रस्ट अध्यक्ष मोहन लाल वियार ने प्रदान की।
इस अवसर पर मंगल वियार के परिजनों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि ने मोहन लाल वियार को भारतीय संविधान की प्रति भी भेंट की। कार्यक्रम के तहत बृहस्पतिवार को तिरंगा यात्रा निकाली गई थी।
समारोह में महेश चौहान, शर्मानंद यादव, महेश वियार सहित अन्य कलाकारों ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत कर माहौल को देशप्रेम से सराबोर कर दिया। कार्यक्रम का संचालन मोहन लाल वियार ने किया।
इस अवसर पर सुरेंद्र मौर्य, मनीष पटेल, सीताराम, उमेश कुमार, अनीता देवी, फूलचंद, श्याम सुंदर सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।


Comments